सुसाइड करने वालों में महिलाओं से 3 गुना क्यों हैं पुरुष? NCRB और NFHS के आंकड़ों ने चौंकाया; जानें वजह
पुरुषों में तनाव, आर्थिक जिम्मेदारियों और सामाजिक दबाव के कारण मानसिक स्वास्थ्य की अनदेखी हो रही है, जिससे आत्महत्या दर ...और पढ़ें

सुसाइड करने वालों में 72.8 प्रतिशत आंकड़ा पुरुषों का है। फोटो: सांकेतिक
संजय कुमार, बाहरी दिल्ली। परिवार की आर्थिक और सामाजिक जिम्मेदारियों का बोझ उठाने वाले पुरुष अक्सर अपनी सेहत को प्राथमिकता नहीं दे पाते।
तनाव, बेरोजगारी, पारिवारिक विवाद और भावनाएं व्यक्त न कर पाने का दबाव उनके मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है।
नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की 2023 की रिपोर्ट के अनुसार, देश में दर्ज कुल 1,71,418 आत्महत्याओं में
पुरुष थे। यह आंकड़ा पुरुषों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत बताता है।
अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस पर आल इंडिया डाक्टर्स एसोसिएशन आफ आईएसएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मनोचिकित्सक एवं आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. आरपी पाराशर ने पुरुषों के स्वास्थ्य और उनसे जुड़े सामाजिक मुद्दों पर विचार करने की जरूरत बताई।
उनके अनुसार, सामाजिक अपेक्षाओं के कारण कई पुरुष अपनी मानसिक परेशानियां साझा नहीं कर पाते। लंबे समय तक तनाव में रहने का असर उनके मानसिक स्वास्थ्य के साथ शारीरिक सेहत पर भी पड़ता है।
पुरुषों की हिस्सेदारी 72.8 प्रतिशत
एनसीआरबी की 2023 की रिपोर्ट के अनुसार, देश में कुल 1,71,418 आत्महत्याएं दर्ज की गईं। इनमें 72.8 प्रतिशत पुरुष और 27.2 प्रतिशत महिलाएं थीं। यानी आत्महत्या के मामलों में करीब तीन चौथाई पुरुष थे।
डॉ. पाराशर के अनुसार, पुरुषों में अवसाद की व्यापकता महिलाओं की तुलना में कम हो सकती है, लेकिन आत्महत्या से होने वाली मौतों में उनका अनुपात अधिक होना गंभीर चिंता का विषय है।
आर्थिक दबाव, नौकरी की असुरक्षा, बेरोजगारी, पारिवारिक विवाद और नशे की लत मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने वाले प्रमुख कारक हैं।
बीपी और टोबैको खाने में भी आगे
राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-6 (एनएफएचएस-6) के आंकड़ों के अनुसार, पुरुषों में उच्च रक्तचाप की व्यापकता 22.2 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि महिलाओं में यह आंकड़ा 19.4 प्रतिशत था। तंबाकू सेवन के मामले में भी पुरुषों की हिस्सेदारी अधिक है।
स्वास्थ्य से जुड़े आंकड़े | पुरुष | महिलाएं |
|---|---|---|
उच्च रक्तचाप | 22.2% | 19.4% |
तंबाकू सेवन | 36.3% | 8.4% |
शराब का सेवन | 18.9% | 1.1% |
डॉ. पाराशर के अनुसार, तंबाकू और शराब के सेवन से हृदय रोग, कैंसर और लिवर संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ता है।
मानसिक परेशानी छिपाएं नहीं
डॉ. पाराशर ने बताया कि सामाजिक दबाव के कारण कई पुरुष अपनी परेशानी स्वीकार करने या मनोचिकित्सक से सलाह लेने से बचते हैं। मानसिक समस्याओं की समय पर पहचान और उपचार जरूरी है। लंबे समय तक तनाव में रहने से स्थिति और गंभीर हो सकती है।
उन्होंने हृदय रोग, मोटापा, मधुमेह, फैटी लिवर और प्रोस्टेट संबंधी समस्याओं से बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, योग, प्राणायाम और पर्याप्त नींद को दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। टेस्टोस्टेरोन हार्मोन की कमी होने पर भी जांच करानी चाहिए।
पुरुषों के लिए कानूनी संरक्षण पर भी चर्चा की जरूरत
डाॅ. पाराशर ने पुरुषों से जुड़े सामाजिक और कानूनी मुद्दों पर भी चर्चा की जरूरत बताई।

डॉ. आरपी पराशर।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 के तहत विशेष कानूनी संरक्षण मिलता है, लेकिन पुरुषों के लिए ऐसा कोई विशेष कानून उपलब्ध नहीं है। इस विषय पर सामाजिक और कानूनी स्तर पर चर्चा होनी चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।