विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

माता-पिता की आंखों के सामने सोफे पर जिंदा जला 9 साल का मासूम; पूर्वी दिल्ली में दिल दहला देने वाला हादसा

Published: Wed, 18 Nov 2026 08:37 PM (IST)

पूर्वी दिल्ली के शिव विहार में मंगलवार रात एक नौ साल का बच्चा सोफे पर सोते समय आग की चपेट ...और पढ़ें

पूर्वी दिल्ली के शिव विहार में प्रियांशु की मौत के बाद बिलखते स्वजन। फोटो: जागरण

पूर्वी दिल्ली के शिव विहार में प्रियांशु की मौत के बाद बिलखते स्वजन। फोटो: जागरण

HighLights

  1. शिव विहार में नौ साल का प्रियांशु जिंदा जला।

  2. शॉर्ट सर्किट से सोफे में लगी आग, तेजी से फैली।

  3. माता-पिता बच्चे को बचाने में असमर्थ रहे।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। शिव विहार इलाके में मंगलवार रात माता-पिता की आंखों के सामने सोफे पर सो रहा नौ साल का बच्चा जिंदा जल गया। सोफे के पास ही बिजली का सॉकेट लगा हुआ था।

आशंका है कि शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारी ने सोफे में लगी फोम की वजह से आग पकड़ ली। आग इतनी तेजी से फैली कि माता-पिता भी बच्चे को बचा नहीं सके।

मृतक की पहचान प्रियांशु के रूप में हुई है। गोकलपुरी थाना पुलिस ने लापरवाही से मौत की धारा में केस दर्ज किया है।

चिंगारी से सोफे में लगी आग, बच्चा नहीं बच सका

प्रियांशु अपने परिवार के साथ शिव विहार में रहता था। परिवार में पिता जितेंद्र कुमार और मां के अलावा एक छोटा भाई है। जितेंद्र कपड़े की दुकान पर काम करते हैं।

परिवार ने बताया कि रात करीब 11 बजे प्रियांशु कमरे में सोफे पर सो रहा था। माता-पिता रसोई के पास बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान बिजली के सॉकेट से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं और सोफे में आग लग गई।

सोफे में लगी फोम ने इतनी तेजी से आग पकड़ी कि माता-पिता बच्चे को आग की लपटों के बीच से निकाल नहीं सके। जब तक उन्होंने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, तब तक बच्चा काफी हद तक जल चुका था।

आग की सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। एंबुलेंस के जरिये बच्चे को राजीव गांधी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शॉर्ट सर्किट से बचाव के लिए बरतें ये सावधानियां

  • अच्छी गुणवत्ता की वायरिंग लगवाएं।

  • पुरानी वायरिंग बदलें। तार पुराने, कटे-फटे या जले हुए हों तो तुरंत बदलवाएं।

  • ओवरलोडिंग न करें। एक ही सॉकेट में कई उपकरण या एक्सटेंशन बोर्ड न लगाएं।

  • एमसीबी लगवाएं। बिजली के सर्किट में सही क्षमता की एमसीबी लगवाएं।

  • आरसीसीबी/ईएलसीबी लगवाएं। करंट लीकेज होने पर बिजली की आपूर्ति बंद करने में मदद मिलती है।

  • गीले हाथों से स्विच न छुएं। बिजली के उपकरणों को पानी से दूर रखें।

  • बिजली के उपकरण बंद रखें। इस्तेमाल न होने पर उनके प्लग निकाल दें।

  • ढीले सॉकेट ठीक करवाएं। स्विच बोर्ड से चिंगारी निकलने या जलने की गंध आने पर तुरंत जांच करवाएं।

यह भी पढ़ें- यूट्यूबर से 'एकतरफा प्यार' पड़ा भारी, शादी की जिद लेकर चेन्नई से दिल्ली पहुंचा युवक; पिटाई के 9 दिन बाद मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।