विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में रेस्तरां और ढाबों के लिए MCD की नई SOP जारी, 41 बिंदुओं पर होगी जांच; लापरवाही मिली तो लगेगा ताला

Published: Sat, 14 Nov 2026 11:10 AM (GMT+05:30)

दिल्ली नगर निगम ने रेस्तरां और खानपान प्रतिष्ठानों के लिए नई एसओपी जारी की है, जिसमें खाद्य सामग्री की खरीद ...और पढ़ें

अब स्टोरेज और प्रोसेसिंग की भी होगी जांच। AI जनरेटेड इमेज

अब स्टोरेज और प्रोसेसिंग की भी होगी जांच। AI जनरेटेड इमेज

HighLights

  1. एमसीडी ने रेस्तरां के लिए नई 41-बिंदु एसओपी जारी की।

  2. खाद्य सामग्री खरीद से डिलीवरी तक पूरी प्रक्रिया जांच के दायरे में।

  3. गंभीर लापरवाही पर प्रतिष्ठान बंद करने का प्रावधान।

निहाल सिंह, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रेस्तरां, होटल और अन्य खानपान प्रतिष्ठानों में अब केवल किचन की साफ-सफाई ही नहीं, बल्कि खाद्य सामग्री की खरीद से लेकर उसे तैयार करने, स्टोर करने और ग्राहकों तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया भी जांच के दायरे में होगी।

दिल्ली नगर निगम (MCD) के जनस्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है। इसमें 41 बिंदुओं वाला निरीक्षण प्रपत्र भी तैयार करके सभी उप स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी इस एसओपी का पालन सुनिश्चित करें। साथ ही 41 में से अति गंभीर श्रेणी की लापरवाही मिलने पर इसे सुधारने के लिए 21 दिन का समय दें। अगर फिर भी सुधार नहीं होता है तो प्रतिष्ठान बंद कराएं।

एमसीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एमसीडी में रेस्तरां और ईटिंग एस्टैब्लिशमेंट को लेकर डी-रेगुलेशन हो गया है। यानी अब लाइसेंस एमसीडी जारी नहीं करती है।

संचालक अब भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के जरिये लाइसेंस ले सकता है। लेकिन एफएसएसएआई से लाइसेंस लेकर खाने की गुणवत्ता में स्वच्छता मानकों का पालन हो, इसकी जांच एमसीडी सुनिश्चित करेगी।

अति गंभीर श्रेणी में रखा गया

इसके लिए हमने एसओपी बनाकर जारी कर दी है। दिल्ली में करीब डेढ़ लाख लाइसेंसधारी हैं। इनमें फफूंदी लगा खाना परोसने से लेकर संस्थान में ड्रेनेज ब्लाकेज और तिलचट्टे दिखने की स्थिति को अति गंभीर श्रेणी में रखा गया है। इसमें लापरवाही पर लाइसेंस रद हो सकेगा।

वहीं, एक्सपायर हो चुकी वस्तु, कोल्ड स्टोरेज का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम, क्लीनिंग और वाशिंग एरिया खाना बनने की जगह से एक मीटर दूर न होने, गंदे हाथों और गंदे बढ़े हुए नाखूनों से खाना परोसने जैसे उल्लंघन गंभीर श्रेणी में रखे गए हैं। जबकि अन्य उल्लंघनों को सामान्य श्रेणी में रखा गया है।

अधिकारी ने बताया कि एसओपी के अनुसार जांच में सबसे पहले प्रतिष्ठान के जरूरी दस्तावेज देखे जाएंगे। इनमें एफएसएसएआई पंजीकरण या लाइसेंस, खाद्य व्यापार लाइसेंस, वैध परिसर संबंधी दस्तावेज, भवन की संरचनात्मक सुरक्षा प्रमाणपत्र, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस और टाइफाइड टीकाकरण के रिकॉर्ड, पेस्ट कंट्रोल प्रमाणपत्र और पानी की जांच रिपोर्ट शामिल हैं। वहीं, शाकाहारी और मांसाहारी भोजन बनाने के लिए अलग-अलग इलाके और बर्तनों का प्रयोग करना भी अनिवार्य होगा।

कर्मचारियों की स्वच्छता भी जांच के दायरे में

खाना बनाने वाले कर्मचारियों को साफ कपड़े और हेड कवर पहनना होगा। भोजन छूने से पहले और शौचालय का इस्तेमाल करने, कचरा संभालने या कच्चा मांस छूने के बाद हाथ धोना अनिवार्य होगा। दस्ताने पहनने को हाथ धोने का विकल्प नहीं माना जाएगा। संक्रामक बीमारी, त्वचा संक्रमण, खुले घाव या गंदे नाखून वाले कर्मचारियों को खाद्य सामग्री संभालने की अनुमति नहीं होगी।

इसके अलावा ग्राहकों के बैठने की जगह, टेबल, कुर्सियों, सर्विस काउंटर, ओपन किचन, तंदूर और बारबेक्यू की स्वच्छता भी देखी जाएगी। ऑनलाइन डिलीवरी के लिए खाना साफ, फूड ग्रेड और सीलबंद पैकेजिंग में देना होगा। डिलीवरी के दौरान भी खाद्य सामग्री को धूल और कीटों से बचाने की व्यवस्था जरूरी होगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण पर सख्ती, बॉडी कैमरों से लैस होंगी 'वायु रक्षक' टीमें; अधिकारी करेंगे लाइव निगरानी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।