'अब अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र जरूरी...', दिल्ली में गैस्ट हाउस संचालकों पर सख्ती, अब चौथी मंजिल पर भी लगा प्रतिबंध
दिल्ली नगर निगम (MCD) ने गेस्ट हाउस और लॉजिंग प्रतिष्ठानों के लिए सुरक्षा मानकों को कड़ा किया है। अब 12 मीटर से ऊंची इमारतों में अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र (FSC) अनिवार्य है और चौथी मंजिल पर गेस्ट हाउस चलाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
-1795384388042_m.webp)
दिल्ली में गेस्ट हाउस नियमों में सख्ती चौथी मंजिल पर संचालन प्रतिबंधित (एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
12 मीटर से ऊंची इमारतों में अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र अनिवार्य।
चौथी मंजिल या उससे ऊपर गेस्ट हाउस चलाने पर पूर्ण प्रतिबंध।
नियमों का उल्लंघन करने पर प्रतिष्ठान सील और लाइसेंस रद्द।
निहाल, नई दिल्ली। दिल्ली में गेस्ट हाउस और लाजिंग-बोर्डिंग प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों को लेकर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने सख्ती शुरू कर दी है।
निगम ने ऐसे सभी प्रतिष्ठानों के संचालकों को भवन उपनियमों और अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
इसके तहत 12 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाली इमारतों में चल रहे गेस्ट हाउस के लिए अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र (एफएससी) अनिवार्य कर दिया गया है। वहीं, चौथी मंजिल या उससे ऊपर किसी भी मंजिल पर गेस्ट हाउस चलाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आदेश जारी..
एमसीडी के जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से आदेश जारी कर स्पष्ट किया गया है कि 12 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाली इमारतों में संचालित गेस्ट हाउस के पास अग्निशमन विभाग से जारी वैध अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र होना चाहिए।
प्रमाणपत्र के बिना प्रतिष्ठान चलाना या उसकी अवधि समाप्त होने के बाद नवीनीकरण नहीं कराना गंभीर सुरक्षा उल्लंघन माना जाएगा।
हालांकि, 12 मीटर से कम ऊंचाई वाली इमारतों में संचालित गेस्ट हाउस को अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र लेने से छूट दी गई है। लेकिन, इसका अर्थ यह नहीं है कि उन्हें अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन नहीं करना होगा।
ऐसे प्रतिष्ठानों में आग से बचाव के बुनियादी इंतजाम, स्पष्ट निकास मार्ग और काम करने वाले अग्निशामक यंत्र रखना अनिवार्य होगा।
चौथी मंजिल पर पूरी तरह प्रतिबंध
निगम ने गेस्ट हाउस संचालकों के लिए सबसे महत्वपूर्ण निर्देश यह दिया है कि किसी भी परिस्थिति में चौथी मंजिल या उससे ऊपर गेस्ट हाउस अथवा व्यावसायिक आवास की गतिविधियां संचालित नहीं की जा सकेंगी। चौथी मंजिल का उपयोग ठहरने, स्वागत कक्ष या किसी अन्य व्यावसायिक गतिविधि के लिए भी नहीं किया जा सकेगा
बिना लाइसेंस नहीं चलेगी रसोई
आदेश के अनुसार, गेस्ट हाउस में रसोई और भोजनालय चलाने के लिए अलग से अनुमति या लाइसेंस लेना होगा। बिना लाइसेंस रसोई अथवा भोजनालय संचालित करने की अनुमति नहीं होगी। रसोई का उपयोग केवल प्रतिष्ठान में ठहरे मेहमानों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए किया जा सकेगा।
भोजनालय में बैठने की क्षमता भी प्रतिष्ठान में स्वीकृत बिस्तरों की कुल संख्या से अधिक नहीं हो सकती। जिन क्षेत्रों में पाइप से प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की सुविधा उपलब्ध है, वहां इसका उपयोग अनिवार्य होगा।
एक महीने में 12 जोन में होगा हेल्थ लाइसेंस सर्वे
एमसीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गेस्ट हाउस और अन्य लाइसेंस प्राप्त प्रतिष्ठानों में नियमों के पालन की जांच के लिए सभी 12 जोन में सर्वे कराएगा। निगम ने एक माह के भीतर रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपने का निर्देश दिया है।
हेल्थ लाइसेंस इंस्पेक्टर वार्डवार निरीक्षण करेंगे। इस दौरान हेल्थ लाइसेंस की शर्तों, अग्नि सुरक्षा, भवन उपनियमों और अन्य नियामक प्रावधानों की जांच होगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान को सील किया जा सकता है।
गंभीर मामलों में हेल्थ ट्रेड लाइसेंस रद करने और बिजली-पानी जैसी सुविधाएं बंद करने की कार्रवाई भी संभव है।
यह भी पढ़ें- अब दिल्ली में पलक झपकते होगा लोगों की समस्या का समाधान, पुलिस आयुक्त ने संभाली कमान, अधिकारियों को दिए ये निर्देश
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।