अब दिल्ली में पलक झपकते होगा लोगों की समस्या का समाधान, पुलिस आयुक्त ने संभाली कमान, अधिकारियों को दिए ये निर्देश
दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने सब्जी मंडी और महिला थाना में जनसुनवाई की, जहां उन्होंने लोगों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
-1795383574936_m.webp)
पुलिस आयुक्त ने थानों में सुनी जनता की फरियाद अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश ( फोटो स्रोत : जागरण)
HighLights
पुलिस आयुक्त ने थानों में जनसुनवाई कर शिकायतें सुनीं।
चोरी हुए मोबाइल फोन मालिकों को वापस लौटाए गए।
पुलिसकर्मियों को सम्मानपूर्वक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए।
मोहम्मद शाकिब, नई दिल्ली। पुलिस थाने में शिकायत लेकर पहुंचने वाले लोगों को अपनी बात कहने के लिए भटकना न पड़े और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से हो, इसी उद्देश्य से दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने शनिवार को उत्तरी जिले के सब्जी मंडी थाना और महिला थाना में जनसुनवाई की।
इस दौरान उन्होंने खुद लोगों के बीच बैठकर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
लोगों ने अपनी शिकायतें रखीं..
वहीं, केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (सीईआइआर) पोर्टल की मदद से बरामद किए गए चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंपे गए। जनसुनवाई के दौरान पुलिस आयुक्त के सामने लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं।
उन्होंने शिकायतकर्ताओं की बात गंभीरता से सुनी और यह जानने का प्रयास किया कि थाने में शिकायत दर्ज कराने से लेकर कार्रवाई तक उन्हें किन परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस पहल के जरिए आम लोगों को पुलिस के शीर्ष अधिकारी तक सीधे अपनी बात पहुंचाने का अवसर मिला।
बुनियादी सुविधाओं का लिया जायजा
पुलिस आयुक्त ने महिला थाने का निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने रिसेप्शन, शिकायत निवारण इकाई, रिकार्ड रूम और पीड़ित महिलाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों से भी बातचीत की और उनकी कार्यक्षमता, फील्ड में आने वाली चुनौतियों और कामकाज से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
पुलिसकर्मियों को दिए सम्मान के साथ पेश आने के निर्देश
पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि थाने आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ सम्मान और संवेदनशीलता से पेश आएं। खासकर महिला शिकायतकर्ताओं की बात धैर्यपूर्वक सुनने और उन्हें सुरक्षित माहौल देने को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को प्रशासनिक सहयोग और बेहतर कार्य परिस्थितियां उपलब्ध कराने का भी भरोसा दिया। पुलिस आयुक्त की इस पहल का मुख्य उद्देश्य थानों को आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ बनाना और पुलिस और जनता के बीच भरोसे की दूरी कम करना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।