दिल्ली में रेलवे ट्रेक पर पड़ा ये कचरा, वातावरण को रहा जहरीला, जिम्मेदार कौन?
दिल्ली में रेलवे ट्रैक के किनारे जमा कचरा अब केवल गंदगी नहीं, बल्कि वायु प्रदूषण का भी बड़ा कारण बन रहा है।
-1795382353787_m.webp)
दिल्ली के रेलवे ट्रैक पर कचरे का अंबार बन रहा वायु प्रदूषण का नया स्रोत ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
रेलवे ट्रैक किनारे कचरा वायु प्रदूषण का कारण बन रहा।
एमसीडी के प्रयासों के बावजूद कई जगह गंदगी बरकरार।
लाजपत नगर, नंद नगरी में कचरे के ढेर गंभीर समस्या।
निहाल सिंह, नई दिल्ली। राजधानी में रेलवे ट्रैक के किनारे केवल अतिक्रमण करके कॉलोनियां नहीं बसाई गई हैं। स्थिति ऐसी बन गई है कि यहां लगे कचरे के ढेर गंदगी और रेल सुरक्षा के लिए भी समस्या बन गए हैं और आसपास के लोगों को भी प्रदूषित आबोहवा दे रहे हैं।
रेलवे लाइनों के किनारे लंबे समय से जमा कचरे, मिट्टी और मलबे से हवा चलने पर धूल उड़ती है। ट्रेनों की आवाजाही और आसपास की गतिविधियों से भी सूखे कचरे के कण हवा में फैलते हैं।
एमसीडी की ओर से पहले भी रेलवे लाइन के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाकर हजारों टन कचरा उठाने का दावा किया गया था। इसके बावजूद कई इलाकों में गंदगी की समस्या जस की तस बनी हुई है।
लोग फेंक रहे खुलेआम कचरा..
रेलवे ट्रैक के किनारे कचरा डालने पर रोक और कार्रवाई के प्रविधान होने के बावजूद लोग खुलेआम कचरा फेंक रहे हैं। नियमित सफाई नहीं होने से यह कचरा लंबे समय तक जमा रहता है।
सूखे कचरे और मलबे के ढेर धीरे-धीरे धूल के स्रोत बन जाते हैं। इससे आसपास रहने वाले लोगों को दोहरी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
रेलवे की एक रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में रेलवे के ट्रैक 365.2 किलोमीटर लंबे हैं। इसमें से 18.93 किलोमीटर रेलवे ट्रैक पर 125 स्थानों पर खतरनाक कचरा और गंदगी पड़ी हुई है।
गौरतलब है कि रेलवे ट्रैक के किनारे कचरे के ढेर और गंदगी की समस्या को केंद्र सरकार ने भी गंभीरता से लिया है। पिछले पखवाड़े में केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में एमसीडी को 20 दिन में व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए थे।
सफाई के लिए चलाया गया विशेष अभियान..
इसमें रेलवे लाइन के आसपास की बस्तियों और कॉलोनियों का सर्वे, नियमित घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का उचित निस्तारण और दोबारा कचरा जमा होने से रोकने के उपाय शामिल करने को कहा गया था।
एमसीडी ने रेलवे ट्रेक के आसपास सफाई करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया था, जहां अगस्त से लेकर अक्टूबर में चले अभियान के दौरान 5,997 टन कचरे की सफाई करने का दावा किया था। इससे पहले अप्रैल में भी 18,495 मीट्रिक टन कचरा उठाने की जानकारी सामने आई थी।
बावजूद रेलवे ट्रैक के किनारे सफाई नजर नहीं आती है। इस पर एमसीडी अब तक छह करोड़ रुपये खर्च कर चुका है।
लाजपत नगर में 300 मीटर तक कचरे का अंबार
दक्षिणी दिल्ली के लाजपत नगर बाईपास ए केबिन के पास रेलवे ट्रैक के एक तरफ झुग्गियां हैं, तो दूसरी तरफ सुरक्षात्मक बाउंड्री बनी हुई है। यहां ट्रैक के किनारे करीब 300 मीटर तक कचरे का अंबार लगा हुआ है।
स्थानीय स्तर पर कभी-कभार सफाई होती है। लेकिन, कचरा पूरी तरह नहीं हटाया जाता। इसके चलते कुछ समय बाद फिर से गंदगी जमा हो जाती है। यहां जमा सूखे कचरे और मिट्टी से उड़ने वाली धूल आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण बढ़ा सकती है।
नंद नगरी और मान सरोवर पार्क में भी यही हाल
पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी और मान सरोवर पार्क इलाके से गुजरने वाली रेलवे लाइन के किनारे भी कचरे के ढेर लगे हैं। रिहायशी इलाकों के बीच से गुजरने वाली रेलवे लाइन के आसपास लोग खुलेआम कचरा डालते हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रेलवे ट्रैक के आसपास एकांत होने के कारण लोग यहां कचरा फेंक जाते हैं। नियमित सफाई नहीं होने से कचरा लंबे समय तक पड़ा रहता है। कभी-कभार होने वाला उठान भी पर्याप्त नहीं है।
यहां जमा कचरे और मलबे से उड़ने वाली धूल आसपास की आबादी के लिए परेशानी का कारण बनती है। इससे रेलवे लाइन के आसपास गंदगी के साथ वायु प्रदूषण की समस्या भी बढ़ रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।