MCD Elections: चुनाव में गूंजा बदहाल पार्कों और स्वास्थ्य केंद्रों का मुद्दा, स्थिति सुधरने की आस में बुजुर्ग
भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में होने वाले चुनाव में युवा से लेकर बुजुर्ग तक सभी लोग अपनी अहम भूमिका निभाते हैं। चुनाव में वार्ड के बुजुर्ग प्रत्याशियों से स्वास्थ्य सेवा केंद्र और बदहाल पार्कों की स्थिति सुधरने की आस में बैठे है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में होने वाले चुनाव में युवा से लेकर बुजुर्ग तक सभी लोग अपनी अहम भूमिका निभाते हैं। आगामी चार दिसंबर को दिल्ली नगर निगम चुनाव (Delhi MCD Election 2022) होने वाले हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दल व प्रत्याशी गली-गली में जाकर जनसभाएं व पदयात्रा कर अपनी चुनावी रोटियां सेंकने में जुटे हुए हैं। इस बार के चुनाव में वार्ड के बुजुर्ग प्रत्याशियों से इलाके में स्वास्थ्य सेवा केंद्र की सुविधा मुहैया कराने की आस लगाए बैठे हैं। साथ ही वे शुद्ध वातावरण में सुबह-शाम की सैर करने के लिए बदहाल पार्कों की स्थिति को सुधारने की भी मांग कर रहे हैं।
प्रत्याशियों ने किए वादे
निगम प्रत्याशी भी उनकी उम्मीदों को पूरा करने का वादा कर चुके हैं। यमुनापार के कई वार्ड के बुजुर्गों का कहना है कि इलाके में स्वास्थ्य सेवा केंद्र की कमी के चलते हमें प्राथमिक इलाज या जांच के लिए बड़े अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता है। गोकलपुरी निवासी भगवती प्रसाद का कहना है कि इस उम्र में अधिक दूरी तय करने की हिम्मत नहीं होती है। यदि हमारे वार्ड में ही स्वास्थ्य सेवा केंद्र खोल दिया जाएगा, तो काफी सुविधा हो जाएगी।
स्वास्थ्य सेवा केंद्रों की भी कमी
इसी क्रम में मंडावली निवासी योगेश्वर कुमार का कहना है कि बुजुर्ग अवस्था में सभी को अपने स्वजन पर निर्भर रहना पड़ता है। कभी-कभी स्वजन के पास भी इतना समय नहीं होता है कि वे हमें अस्पताल तक ले जा सकें। हमारी निगम से प्रार्थना है कि स्वास्थ्य सेवा केंद्र की कमी को दूर किया जाए। इस बार वोट उसी प्रत्याशी को डालेंगे, जो जनसंपर्क करेगा और वार्ड में विकास कार्यों पर ध्यान देगा। बदहाल पार्कों की स्थिति भी सुधारी जाए।
इसके अलावा आइपी एक्सटेंशन निवासी जगजीत सिंह का कहना है कि स्वस्थ रहने के लिए सुबह-शाम की सैर करना आवश्यक होता है। लेकिन वर्तमान समय में बदहाल पार्कों में घूमने के लिए आने का मन नहीं करता है। यहां पड़े कूड़े के ढेर से बीमारियों की चपेट में आने का खतरा बना रहता है। इन पार्कों की स्थिति को सुधारा जाए और इनका सुंदरीकरण किया जाए।
यह भी पढ़ें- Delhi MCD Election 2022: निगम चुनाव में नहीं चलेगी वादों की राजनीति, बताना होगा रोडमैप
यह भी पढ़ें- MCD Elections: भाजपा की दिल्ली सरकार को चुनौती: अपनी 2 उपलब्धि बताएं, हम MCD की सौ उपलब्धि गिनाने को तैयार