गुरुपर्व के नगर कीर्तन से पहले हटाया 40 साल पुराना अतिक्रमण, छुट्टी के दिन भी दिल्ली में चला एमसीडी का बुलडोजर
गुरु पर्व नगर कीर्तन से पहले दिल्ली नगर निगम ने खारी बावली, सदर बाजार और तीस हजारी में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस कार्रवाई में 40-50 साल पुराने अतिक्रमण हटाए गए।
-1795368933419_m.webp)
गुरु पर्व के नगर कीर्तन से पहले अतिक्रमण हटाते दिल्ली नगम निगम के कर्मचारी। फोटो-जागरण
HighLights
गुरु पर्व नगर कीर्तन मार्ग अतिक्रमण मुक्त किया गया।
खारी बावली में 40-50 साल पुराने अतिक्रमण हटाए गए।
श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। गुरु पर्व पर खारी बावली से निकलने वाले नगर कीर्तन के मार्ग को इस बार अतिक्रमण और जाम से मुक्त रखने की तैयारी है। इसके लिए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने शुक्रवार से शुरू किया गया अतिक्रमण विरोधी अभियान रविवार को छुट्टी के दिन भी जारी रखा।
इस दौरान खारी बावली, सदर बाजार और तीस हजारी क्षेत्र में कार्रवाई कर कई पुराने अतिक्रमण हटाए गए। अतिक्रमण के चलते जहां करीब 40 फिट चौड़ी सड़क को 10-12 फिट तक ही छोड़ा था अब वह पूर्व की तरह अतिक्रमण मुक्त हो गई है।
निगम की टीमों ने हटाया अतिक्रमण
खारी बावली की मुख्य सड़क पर 40 से 50 साल पुराने अतिक्रमण भी कार्रवाई की जद में आए। यहां पहले पटरी लगाकर कारोबार किया जाता था, लेकिन धीरे-धीरे इन अस्थायी ढांचों को दुकानों का रूप दे दिया गया था।
-1795369220723.webp)
निगम की टीमों ने इन्हें भी ध्वस्त किया। अभियान में लाइसेंसिंग, स्वास्थ्य और रखरखाव विभाग की टीमें शामिल रहीं। इस दौरान करीब चार ट्रक मलबा हटाने के साथ रेहड़ी-पटरी और टीन के सामान भी जब्त किए गए।
सीएम रेखा गुप्ता के स्पष्ट निर्देश
नगर कीर्तन के मार्ग में किसी तरह की बाधा न रहे, इसके लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने निगम को स्पष्ट निर्देश दिए थे। इसी क्रम में एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार के निर्देश पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सड़कों पर बनाए गए थड़े भी हटाए गए। लंबे समय से इन पर कब्जा जमाए बैठे लोगों ने इन्हें अपनी स्थायी जगह मान लिया था।
कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। उनका मानना है कि अतिक्रमण हटने से नगर कीर्तन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। साथ ही बाजार में लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी।
खारी बावली थोक बाजार
खारी बावली मसालों और सूखे मेवों का प्रमुख थोक बाजार है, जहां देशभर से व्यापारी खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। उल्लेखनीय है कि 20 नवंबर को सांसद प्रवीन खंडेलवाल के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री के समक्ष पुरानी दिल्ली में अतिक्रमण और अवैध रिक्शों की समस्या उठाई थी।
-1795369162454.webp)
दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख एवं चांदनी चौक नागरिक मंच के महासचिव प्रवीण शंकर कपूर ने कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कई दशक पुराने अतिक्रमण हटाने का निर्णय लेना आसान नहीं था। मुख्यमंत्री ने असंभव को संभव कर दिखाया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।