MCD में 2500 सफाई कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया जल्द होगी शुरू, नहीं देना होगा आवेदन शुल्क; चेक करें डिटेल
दिल्ली नगर निगम (MCD) ने 2500 अवकाशकालीन वैकल्पिक सफाई कर्मचारियों की भर्ती करेगा, जिसके लिए जल्द ही विज्ञापन जारी होगा।

एमसीडी 2500 सफाई कर्मचारियों की भर्ती करेगा। फोटो- जागरण आर्काइव
HighLights
MCD में 2500 सफाई कर्मचारियों की भर्ती होगी
दिल्ली के स्थानीय निवासियों को मिलेगा मौका
177 कर्मचारियों की सेवाएं 1 अप्रैल 2004 से नियमित होंगी
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए 2500 अवकाशकालीन वैकल्पिक सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। इसके लिए निगम जल्द ही समाचार पत्रों में विज्ञापन जारी करेगा।
भर्ती प्रक्रिया में दिल्ली में पिछले पांच वर्षों से रहने वाले अभ्यर्थियों को ही मौका मिलेगा। साथ ही आवेदक का उसी जोन का निवासी होना भी अनिवार्य किया गया है, जहां के लिए वह आवेदन करेगा। निगम ने आवेदन पत्र निशुल्क उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
सफाई के लिए अतिरिक्त मानव संसाधन की जरूरत
महापौर प्रवेश वाही ने शुक्रवार को निगम मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि राजधानी की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने और विभिन्न क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त मानव संसाधन की जरूरत है।
इसी को ध्यान में रखते हुए 2500 अवकाशकालीन वैकल्पिक सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जा रही है। विज्ञापन जारी होने के बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी।
तीन टीमें संभालेंगी भर्ती प्रक्रिया
महापौर ने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहेगी। इसके लिए उपायुक्त स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में तीन अलग-अलग टीमें गठित की जाएंगी। एक टीम आवेदन पत्र प्राप्त करने, दूसरी टीम दस्तावेजों की जांच और तीसरी टीम शारीरिक परीक्षण की प्रक्रिया की निगरानी करेगी। भर्ती निर्धारित नियमों और पात्रता मानदंडों के आधार पर होगी।
इन दस्तावेजों की जरूरत
आवेदकों को आवेदन के साथ दिल्ली में पांच वर्ष से निवास करने का प्रमाण देना होगा। इसके अलावा संबंधित जोन में निवास का प्रमाण भी प्रस्तुत करना होगा। निगम का तर्क है कि स्थानीय निवासियों की नियुक्ति होने से उन्हें अपने निर्धारित कार्यस्थल तक पहुंचने में आसानी होगी और सफाई कार्यों की नियमित निगरानी भी बेहतर तरीके से हो सकेगी।
177 कर्मचारियों की सेवाएं होंगी नियमित
प्रेस वार्ता में महापौर ने निगम कर्मचारियों के हित में लिए गए फैसलों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करुणामूलक आधार पर नियुक्त 177 कर्मचारियों की सेवाएं एक अप्रैल 2004 से नियमित करने का निर्णय लिया गया है।
इसके अलावा दिवंगत निगम कर्मचारियों के 65 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की स्वीकृति दी गई है। इनकी नियुक्ति मल्टी टास्किंग स्टाफ (इंजीनियरिंग) के पद पर होगी।
कर्मचारियों को मिलेगी आर्थिक सुरक्षा
इस दौरान स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा और नियुक्ति, पदोन्नति, अनुशासनात्मक एवं संबद्ध समिति के अध्यक्ष मुकेश गोयल भी मौजूद रहे। महापौर ने कहा कि निगम सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा देने के लिए भी काम कर रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।