मनोज तिवारी ने यमुना में लगाई डुबकी, किरेन रिजिजू ने तैराकी प्रतियोगिता का दिया ऑफर; चुप्पी साधे हैं केजरीवाल
दिल्ली के पूर्व भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने यमुना नदी में स्नान कर केजरीवाल और राहुल गांधी को चुनौती दी, ...और पढ़ें

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मनोज तिवारी के यमुना में तैराकी वाले वायरल वीडियो पर दी प्रतिक्रिया। वीडियो ग्रैब
HighLights
मनोज तिवारी ने यमुना में स्नान कर केजरीवाल को चुनौती दी।
किरेन रिजिजू ने मनोज तिवारी को तैराकी प्रतियोगिता का ऑफर दिया।
दिल्ली की यमुना सफाई पर राजनीतिक बहस तेज हुई।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व भाजपा अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी का यमुना नदी में तैराकी करने और आचमन करने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। अब इस पोस्ट पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को जवाब देते हुए लिखा, 'मनोज जी, क्या आपको नहीं लगता कि यमुना जी के काफी बेहतर पानी में हम दोनों के बीच तैराकी की प्रतियोगिता हो सकती है?' हालांकि, इस पूरे मामले पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल चुप्पी साधे हुए हैं।
दिल्ली की यमुना की हकीकत
गुरुवार को मनोज तिवारी ने यमुना नदी में स्नान कर आचमन कर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तथा राहुल गांधी को चुनौती दी थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि यह रील नहीं, बल्कि दिल्ली की यमुना की हकीकत है।
केजरीवाल को किया था चैलेंज
वीडियो में मनोज तिवारी लाल कपड़ों में यमुना के पानी में डुबकी लगाते और पानी पीते नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा, 'केजरीवाल जी और राहुल गांधी जी, यह रील नहीं, हकीकत है। यह दिल्ली की ही यमुना जी हैं। आज मैंने यहां स्नान भी किया और आचमन भी किया। केजरीवाल जी, राहुल गांधी जी आप कब आ रहे हो डुबकी लगाने?'
मनोज जी, क्या आपको नहीं लगता कि यमुना जी के काफी बेहतर पानी में हम दोनों के बीच तैराकी की प्रतियोगिता हो सकती है?
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) October 30, 2026
किरण रिजिजू भी करना चाह रहे यमुना में तैराकी
इस पोस्ट पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को जवाब देते हुए लिखा, 'मनोज जी, क्या आपको नहीं लगता कि यमुना जी के काफी बेहतर पानी में हम दोनों के बीच तैराकी की प्रतियोगिता हो सकती है?'
यमुना की सफाई पर लंबे समय होती रही है बहस
यह राजनीतिक संवाद दिल्ली में यमुना नदी की सफाई और प्रदूषण के लंबे समय से चले आ रहे मुद्दे के बीच सामने आया है।
हाल के दिनों में दिल्ली सरकार ने यमुना की सफाई के लिए कई अभियान और बुनियादी ढांचा परियोजनाएं शुरू की हैं, लेकिन नदी में फोम और प्रदूषण की समस्या समय-समय पर चर्चा में बनी रहती है।
मनोज तिवारी के इस कदम और रिजिजू के जवाब ने सोशल मीडिया पर राजनीतिक चर्चा छेड़ दी है। हालांकि, विपक्षी दलों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
गुरुवार को ही आप ने दी थी चुनौती
हालांकि, बीजेपी सांसद मनोज तिवारी के वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी के एक्स अकाउंट से पोस्ट कर कहा गया था, 'क्या बीजेपी सांसद मनोज तिवारी चुनौती स्वीकार करेंगे?' इस पोस्ट के साथ एक वीडियो भी लगाया गया था, जिसमें 27 अक्टूबर के स्टैम्प के साथ यमुना नदी का एक वीडियो दिखाया गया था, जिसमें पानी की लहरों के साथ झाग भी उफना रहा था।
