दिल्ली के बवाना में युवक की गोली मारकर हत्या, CCTV कैमरे खंगालकर जांच में जुटी पुलिस
बवाना थाना क्षेत्र के पूठ खुर्द में रविवार सुबह एक 24 वर्षीय युवक भूपेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी ...और पढ़ें
HighLights
पूठ खुर्द में 24 वर्षीय युवक भूपेंद्र की हत्या।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया।
आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बवाना थाना क्षेत्र के पूठ खुर्द इलाके में रविवार सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि रविवार को सूचना मिली कि सुल्तानपुर रोड स्थित पूठ खुर्द में राज वाटिका के पास एक युवक को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही बवाना थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
वहां एक युवक का शव पड़ा था। जांच के दौरान मृतक की पहचान भूपेंद्र (24) के रूप में हुई है। वह पूठ खुर्द स्थित पाना बस्ती वाडा का रहने वाला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है।
युवक के शरीर पर गोलियों के निशान मिले
प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर गोली लगने के कई निशान मिले हैं। इस संबंध में बवाना थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तकनीकी व मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- उत्तम नगर हत्याकांड: मुख्य आरोपी के घर पर बुलडोजर एक्शन, पुलिस फोर्स की मौजूदगी में MCD की कार्रवाई
