विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाराष्ट्र के अग्रण धुलगांव में रोज 4 घंटे ‘डिजिटल उपवास’, बच्चों की पढ़ाई के लिए गांव ने बनाया अनूठा नियम

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:52 PM (IST)

महाराष्ट्र के अग्रण धुलगांव में बच्चों की पढ़ाई को बढ़ावा देने के लिए प्रतिदिन चार घंटे का 'डिजिटल उपवास' रखा जाता है, जिसमें ग्रामीण मोबाइल और टीवी से दूर रहते हैं। 

महाराष्ट्र के गांव में बच्चाें की पढ़ाई के लिए की डिजिटल उपवास की पहली की गई। फोटो: जागरण

महाराष्ट्र के गांव में बच्चाें की पढ़ाई के लिए की डिजिटल उपवास की पहली की गई। फोटो: जागरण

HighLights

  1. अग्रण धुलगांव में रोज चार घंटे का डिजिटल उपवास।

  2. बच्चों की शिक्षा और परिवार के लिए मोबाइल से दूरी।

  3. सरपंच की पहल से गांव बना विकास का मॉडल।

संदीप रतन, गुरुग्राम। महाराष्ट्र के अग्रण धुलगांव में रोज चार घंटे ‘डिजिटल उपवास’ रहता है, यानी ग्रामीण इस दौरान फोन और टीवी स्क्रीन से दूर रहते हैं।
 
गांव के सरपंच शिवदास चंद्रकांत भोसले के अनुसार, वह खुद सैनिक बनकर देश सेवा करना चाहते थे, लेकिन फ्लैट फुट के कारण सेना में चयनित नहीं हो सके।
 
इसके बाद उन्होंने गांव के बच्चों की शिक्षा को अपना मिशन बनाया। करीब सात साल पहले उन्होंने देखा कि बच्चे स्कूल से आने के बाद गृहकार्य करने के बजाय ज्यादातर समय मोबाइल पर बिताते हैं।
 
इसके बाद माइक लेकर गांव में घूमना और बच्चों को गृहकार्य के लिए प्रेरित करना शुरू किया। उनकी इस पहल को ग्रामीणों का समर्थन मिला और धीरे-धीरे गांव में डिजिटल उपवास का नियम बन गया।

फोन और टेलीविजन का इस्तेमाल नहीं किया जाता

गुरुग्राम में आयोजित हरियाणा में पंचायतों और नगर पालिकाओं के सशक्तीकरण-स्थानीय निकायों से स्थानीय सरकार की ओर राष्ट्रीय सम्मेलन में महाराष्ट्र के सांगली जिले के अग्रण धुलगांव के सरपंच शिवदास चंद्रकांत भोसले ने गांव के विकास का माडल साझा किया।
 
उन्होंने बताया कि गांव में सुबह पांच से सात और शाम सात से नौ बजे तक मोबाइल फोन और टेलीविजन का इस्तेमाल नहीं किया जाता। इन चार घंटों में बच्चे पुस्तकालय में पढ़ाई करते हैं और ग्रामीण परिवार के साथ समय बिताते हैं।
 
करीब 4500 की आबादी वाले गांव में 2604 घरों में नल कनेक्शन हैं। पानी की आपूर्ति के लिए दो टंकियां, 16 बोरवेल, दो जलापूर्ति कुएं और एक टैंकर उपलब्ध हैं। वर्षा जल संचयन के साथ वनराई बांध बनाए गए हैं।
 
पांच हजार मीटर लंबी भूमिगत नाली व्यवस्था है। जहां नाली संभव नहीं, वहां सोख्ता गड्ढे बनाए गए हैं। पानी और संपत्ति कर की वसूली 75 प्रतिशत है। हर नल पर टोंटी लगाई गई है। प्लास्टिक एकत्र करने पर ग्रामीणों को प्रति किलोग्राम दस रुपये दिए जाते हैं।

शिक्षा और पर्यावरण को बनाया विकास का आधार

गांव के विद्यालय को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित किया गया है। यहां कंप्यूटर कक्ष, डिजिटल कक्षाएं और स्मार्ट टीवी की सुविधा है। आंगनबाड़ी में पोषण आहार कक्ष और पेयजल फिल्टर लगाए गए हैं।
 
गांव में 25 एकड़ में सघन वन विकसित किया गया है। तितली उद्यान, आक्सीजन पार्क और नाना-नानी पार्क सहित 12 उद्यान हैं। ऊर्जा बचत के लिए 10 सौर पैनल, 225 सौर लाइटें और 250 एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। गांव में 25 बायोगैस संयंत्र भी हैं।

पंचायत की आय बढ़ाने के लिए विकसित किए स्रोत

ग्राम पंचायत ने 21 दुकानों को किराये पर देकर आय का स्रोत बनाया है। जल एटीएम और सभागार के किराये से भी आमदनी होती है। 19 प्रकार के प्रमाणपत्रों की प्रक्रिया डिजिटल की गई है।
 
जल जीवन मिशन के तहत 21 करोड़ 28 लाख रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। स्वास्थ्य शिविर, आयुष्मान कार्ड और कृषि में ड्रोन से छिड़काव जैसी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।

डिजिटल उपवास से बच्चों में आया बदलाव

ग्रामीण सुरेश सुतार कहते हैं, “पहले बच्चे मोबाइल पर समय बिताते थे, अब पुस्तकालय में पढ़ाई करते हैं। उनकी दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव आया है।” तुषार जाधव के अनुसार, “बड़ों के मोबाइल बंद रखने से बच्चे भी प्रेरित होते हैं।
 
परिवार के साथ बिताने के लिए समय मिलने लगा है।” प्रकाश भोसले कहते हैं, “बच्चों में किताबें पढ़ने की रुचि बढ़ी है और वे नियमित पढ़ाई करने लगे हैं।” सुजाता मोरे के अनुसार, “अब बच्चों को मोबाइल से दूर रहने के लिए बार-बार समझाना नहीं पड़ता, वे खुद नियम का पालन करते हैं।”
 
विद्यालय के प्रिंसिपल गोपाळ कनप का कहना है, “डिजिटल उपवास से बच्चों की एकाग्रता बढ़ी है। उनमें पढ़ाई के प्रति रुचि और नियमित अध्ययन की आदत विकसित हुई है।”

बच्चों की शिक्षा को बनाया मिशन

शिवदास चंद्रकांत भोसले ने बताया कि अग्रण धुलगांव सैनिकों का गांव है और वह भी सेना में भर्ती होकर देश सेवा करना चाहते थे। उन्होंने सेना भर्ती की तैयारी की और साक्षात्कार तक पहुंचे, लेकिन फ्लैट फुट के कारण चयन नहीं हो सका।
 
इसके बाद एनडीए और सीडीएस की भी तैयारी की। इसी दौरान बच्चों की पढ़ाई को लेकर पहल करने का विचार आया। उन्होंने माइक लेकर गांव में घूमना और बच्चों को गृहकार्य के लिए प्रेरित करना शुरू किया।
 
बाद में पुस्तकालय में बच्चों की कक्षाएं भी लेने लगे। ग्रामीणों के सहयोग से यह पहल पूरे गांव का नियम बन गई। पिछले तीन वर्षों से सरपंच के रूप में वह शिक्षा, जागरूकता और गांव के विकास के लिए काम कर रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।