मजेंटा लाइन से जुड़ेंगी 4 और लाइनें, दिल्ली में जनवरी तक खुलेंगे 6 नए मेट्रो स्टेशन; नोएडा-गुरुग्राम जाना होगा आसान
दिल्ली मेट्रो की मजेंटा लाइन पर कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से पुष्पांजलि के बीच जल्द ट्रायल शुरू होगा, जनवरी तक परिचालन की उम्मीद है। यह विस्तार पश्चिमी और बाहरी दिल्ली के यात्रियों को ग्रीन, रेड, यलो और पिंक लाइनों से जोड़ेगा।

दिल्ली में जनवरी तक 6 नए मेट्रो स्टेशन खुलेंगे। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
कृष्णा पार्क एक्सटेंशन-पुष्पांजलि खंड पर जल्द ट्रायल शुरू होगा।
जनवरी तक मजेंटा लाइन पर मेट्रो सेवा शुरू होने की उम्मीद।
पश्चिमी दिल्ली को चार अन्य मेट्रो लाइनों से जोड़ेगी यह लाइन।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो की मजेंटा लाइन पर कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से पुष्पांजलि के बीच जल्द ट्रायल शुरू होने की उम्मीद है। इस हिस्से पर जनवरी तक मेट्रो परिचालन शुरू हो सकता है।
इससे पश्चिमी और बाहरी दिल्ली के यात्रियों को ग्रीन, रेड, यलो और पिंक लाइन से जुड़ने की सुविधा मिलेगी। साथ ही एनसीआर के शहरों तक पहुंचना भी आसान होगा।
छह स्टेशनों पर काम अंतिम चरण में
दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण के तहत बॉटेनिकल गार्डन-जनकपुरी पश्चिम कॉरिडोर का विस्तार आरके आश्रम मार्ग तक किया जा रहा है। 29 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर कुल 22 स्टेशन प्रस्तावित हैं।
अब तक दो चरणों में 13 किलोमीटर का हिस्सा शुरू हो चुका है। इसी साल जनवरी में दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक मेट्रो सेवा शुरू हुई थी।
अब कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से पुष्पांजलि के बीच काम अंतिम चरण में है। इस हिस्से में केशोपुर, पश्चिम विहार, पीरागढ़ी, मंगोलपुरी, वेस्ट एन्क्लेव और पुष्पांजलि सहित छह स्टेशन होंगे।
चार मेट्रो लाइनों से मिलेगी कनेक्टिविटी
इस कॉरिडोर का सबसे बड़ा फायदा यात्रियों को दूसरी मेट्रो लाइनों से जुड़ने में मिलेगा। मजेंटा लाइन के विस्तार से चार अन्य लाइनों पर जाने के लिए इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध होगी।
ग्रीन लाइन: पीरागढ़ी स्टेशन पर।
रेड लाइन: पीतमपुरा स्टेशन पर।
यलो लाइन: हैदरपुर बादली मोड़ पर।
पिंक लाइन: मजलिस पार्क स्टेशन पर।
इससे पश्चिमी और बाहरी दिल्ली के यात्रियों को राजधानी के अलग-अलग हिस्सों के साथ एनसीआर के शहरों तक पहुंचने में आसानी होगी। अभी गुरुग्राम, नोएडा, फरीदाबाद और गाजियाबाद जाने के लिए कई बार मेट्रो बदलनी पड़ती है। नई कनेक्टिविटी से यात्रा में लगने वाला समय और खर्च कम होने की उम्मीद है।
सिविल और ट्रैक का काम पूरा
डीएमआरसी के अधिकारियों के अनुसार, कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक के बीच सिविल और ट्रैक का काम पूरा हो चुका है। अब सिग्नलिंग, इलेक्ट्रिकल और स्टेशन फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में है।
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इस सेक्शन पर ट्रायल शुरू किया जा सकता है। ट्रायल के दौरान ट्रेन की गति, ब्रेकिंग सिस्टम और सिग्नल की जांच होगी। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा शुरू की जाएगी।
नौकरीपेशा और छात्रों को होगा फायदा
कृष्णा पार्क, केशोपुर और पुष्पांजलि के आसपास बड़ी आबादी रहती है। यहां से बड़ी संख्या में लोग रोजाना नौकरी, पढ़ाई और व्यापार के लिए मध्य दिल्ली, दक्षिण दिल्ली और एनसीआर के शहरों में जाते हैं।
अभी इन इलाकों के लोगों को बस, ऑटो और ई-रिक्शा पर निर्भर रहना पड़ता है। मेट्रो शुरू होने से उन्हें तेज, सीधी और सुरक्षित यात्रा का विकल्प मिलेगा। जनवरी तक परिचालन शुरू होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में दौड़ेगी 3 कोच वाली मेट्रो, एयरपोर्ट और नोएडा जाना होगा आसान; नए कॉरिडोर में बनेंगे 8 स्टेशन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।