नवंबर तक तैयार होगा दिल्ली का पहला डबल डेकर स्काईवॉक, मधुबन चौक पर रेड-मजेंटा लाइन के बीच मिलेगा इंटरचेंज
पीतमपुरा के मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन पर पहला डबल डेकर स्काईवॉक नवंबर तक तैयार होने की उम्मीद है। यह रेड और मजेंटा लाइन मेट्रो स्टेशनों के बीच इंटरचेंज की सुविधा देगा, साथ ही रोहिणी जिला अदालत से भी जुड़ेगा।

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
मधुबन चौक पर पहला डबल डेकर स्काईवॉक नवंबर तक तैयार।
रेड, मजेंटा लाइन मेट्रो और रोहिणी कोर्ट को जोड़ेगा।
60% काम पूरा, 9.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पीतमपुरा के मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन पर पहला डबल डेकर स्काईवाक नवंबर तक तैयार होने की उम्मीद है। इससे रेड लाइन और मजेंटा लाइन मेट्रो स्टेशन के बीच इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध होगी।
रोहिणी जिला अदालत से भी यह जुड़ेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इससे मेट्रो यात्रियों, अधिवक्ताओं, अदालत के कर्मियों, अदालत में आने वाले लोगों और स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
नहीं मिल रही थी इंटरचेंड सुविधा
रेड लाइन पर मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन पहले से था। मजेंटा लाइन के दीपाली चौक-मजलिस पार्क कारिडोर पर यहां एक और मेट्रो स्टेशन बना है। दोनों स्टेशनों के बीच कुछ दूरी होने के कारण यात्रियों को इंटरचेंज की सुविधा नहीं मिल रही है।
डबल डेकर स्काईवाक बनने के बाद इंटरचेंज की सुविधा शुरू हो जाएगी। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के समन्वय से बन रहे इस आधुनिक स्काईवाक का लगभग 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
नवंबर, 2026 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके निर्माण 9.62 करोड़ रुपये खर्च किया जा रहा है।
650 टन स्टील का किया जा रहा इस्तेमाल
इस दो मंजिला संरचना के ऊपरी मंजिल पर 185 मीटर लंबा फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) होगा जिससे रेड लाइन और मजेंटा लाइन के मेट्रो स्टेशन जुड़ेगा। वहीं, नीचे वाले मंजिल व्यस्त रिठाला रोड के साथ लगभग 185 मीटर लंबा एफओबी बन रहा है।
इसके निर्माण में 650 टन स्टील का उपयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही बाहरी रिंग रोड पर 64 मीटर लंबा एफओबी होगा। इसके बनने से लोगों को असुरक्षित तरीके से सड़क पार करने की आवश्यकता नहीं होगी।
यह भी पढ़ें- 530 मीटर लंबा, 2 लिफ्ट और एस्केलेटर वाला स्काईवाक बनना शुरू, दिल्ली-मेरठ से नोएडा आने वालों को राहत
यह भी पढ़ें- नोएडा 51-52 मेट्रो स्टेशन को जोड़ने वाला स्काईवाक फिर डिजाइन बदलाव में उलझा, ब्लू-एक्वा लाइन की परेशानी बरकरार