पाकिस्तानी गैंगस्टर की राह चला लॉरेंस बिश्नोई, इंस्टाग्राम से भर्ती शुरू; रील्स लाइक करने वालों पर नजर
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी की तर्ज पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को भर्ती कर अपराधों और ...और पढ़ें

इंस्टाग्राम पर शूटर तलाश रहा है लॉरेंस बिश्नोई। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
इंस्टाग्राम पर युवाओं की गैंग में भर्ती शुरू।
अनिल पंडित ने इंस्टाग्राम के जरिए युवाओं को।
बॉलीवुड अभिनेताओं पर फायरिंग की साजिश।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर गैंगस्टरों की लाइफस्टाइल से प्रभावित किशोर और युवा अब गैंगस्टर गिरोहों के निशाने पर हैं।
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी की तरह लॉरेंस बिश्नोई गिरोह भी इंटरनेट मीडिया के जरिये युवाओं को अपने नेटवर्क में जोड़ रहा है। पहले उन्हें अमेरिका में आलीशान जिंदगी का सपना दिखाया जाता है, फिर जेब खर्च के बदले छोटे-मोटे काम सौंपे जाते हैं।
भरोसा जीतने के बाद इन्हीं युवाओं से बड़ी वारदातें कराई जा रही हैं। अभिनेता टाइगर श्राफ की कार पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार चार शूटरों से पूछताछ में गिरोह की भर्ती से लेकर फंडिंग तक के कई राज सामने आए हैं।
गैंगस्टरों के वीडियो लाइक करने वालों पर नजर
जांच में सामने आया है कि लॉरेंस बिश्नोई का विदेश में छिपा गुर्गा अनिल शर्मा उर्फ अनिल पंडित इंटरनेट मीडिया के जरिये युवाओं को गिरोह में भर्ती कर रहा है। इसके लिए वह सोशल मीडिया पर उनकी गतिविधियों और डिजिटल फुटप्रिंट पर नजर रखता है।
खासतौर पर ऐसे किशोर और युवा निशाने पर हैं, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं, पारिवारिक कलह से जूझ रहे हैं और गैंगस्टरों की जीवनशैली से प्रभावित हैं।
सोनीपत के रेहान और फूल सिंह की भर्ती भी इसी तरीके से की गई। दोनों 12वीं कक्षा के छात्र थे। रेहान इंस्टाग्राम पर लॉरेंस गिरोह के वीडियो और पोस्ट लाइक करता था।
इसी डिजिटल फुटप्रिंट के आधार पर अनिल पंडित ने उससे संपर्क किया। उसे अमेरिका बुलाने और वहां आलीशान जिंदगी देने का सपना दिखाया गया।
जेब खर्च के बदले नए लड़के जोड़ने का टास्क
रेहान को शुरुआत में जेब खर्च के बदले छोटे-छोटे काम दिए गए। उसे फर्जी सिमकार्ड जुटाने, तय जगह पर गिरोह की बाइक पार्क करने, जेल में बंद बदमाशों तक कपड़े पहुंचाने और शहर के रईस लोगों के मोबाइल नंबर व पारिवारिक जानकारी जुटाने का काम सौंपा गया।
धीरे-धीरे भरोसा जीतने के बाद अनिल पंडित ने उसे गिरोह में नए लड़के जोड़ने की जिम्मेदारी दे दी। रेहान ने पहले अपने दोस्त समीर और फिर फूल सिंह को गिरोह से जोड़ा।
रेहान और समीर अमृतसर से पिस्टल भी लेकर आए थे। इस मामले में गोहाना पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
दोनों के माता-पिता अलग-अलग रहते हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब बताई गई है। रेहान सोनीपत की ईदगाह कालोनी का रहने वाला है, लेकिन देवड़ू गांव में मामा के घर रह रहा था।
फूल सिंह गोहाना तहसील के बरौदा गांव का निवासी है। दोनों सितंबर से अपने घरों से लापता थे।
शहजाद भट्टी की तर्ज पर भर्ती की जा रही
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी भी इंटरनेट मीडिया के जरिये युवाओं को अपने गिरोह से जोड़ने की कोशिश कर रहा है। केंद्रीय एजेंसियों को उसके नेटवर्क के बारे में पहले ही जानकारी मिल चुकी है।
आरोप है कि वह युवाओं की भर्ती कर उनके जरिये भारत में आतंकी गतिविधियों की साजिश रच रहा है।
अब जांच में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की भी इसी तरह की भर्ती रणनीति सामने आई है। अनिल पंडित अपने शूटरों से 'जंगी' एप के जरिये संपर्क करता था, ताकि पुलिस सर्विलांस से बचा जा सके।
छोटे-मोटे काम करने वाले युवाओं को बाद में बॉलीवुड से जुड़ी हाई-प्रोफाइल फायरिंग का टास्क सौंप दिया गया।
हवाला से क्रिप्टो तक फैला फंडिंग नेटवर्क
शूटरों से पूछताछ और तकनीकी जांच में गिरोह के मनी ट्रेल की भी जानकारी मिली है। जांच के अनुसार, कारोबारियों से वसूली गई रंगदारी की रकम को सीधे इस्तेमाल करने के बजाय हवाला नेटवर्क के जरिये विदेश में बैठे गिरोह के गुर्गों तक पहुंचाया जाता है।
वहां इस रकम को डिजिटल करेंसी में बदल दिया जाता है।
इसके बाद विदेश में बैठा हैंडलर बाइनेंस जैसे क्रिप्टो प्लेटफार्म के माध्यम से भारत में मौजूद गुर्गों, लॉजिस्टिक सपोर्टर्स और हैंडलर्स तक रकम पहुंचाता है।
क्यूआर कोड से रुपये में बदलते हैं रकम
जांच एजेंसियों के मुताबिक, भारत में क्रिप्टो करेंसी को नकदी या रुपये में बदलने के लिए स्थानीय दुकानदारों और निजी व्यक्तियों के आनलाइन पेमेंट क्यूआर कोड का इस्तेमाल किया जा रहा है। गिरोह के गुर्गे ऐसे क्यूआर कोड जुटाते हैं और इनके जरिये रकम को कई स्तरों में बांट दिया जाता है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिप्टो एक्सचेंज से लेनदेन का डाटा हासिल करने के लिए एजेंसियों को लंबी कानूनी और अंतरराष्ट्रीय प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है। जांच के अनुसार, गिरोह इसी तकनीकी जटिलता का फायदा उठाकर अपनी फंडिंग छिपाने की कोशिश कर रहा है।
बॉलीवुड के कई अभिनेता लॉरेंस गिरोह के निशाने पर
टाइगर श्राफ फायरिंग केस में स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलीजेंस यूनिट ने शूटरों के नाम, नेटवर्क और लोकेशन का पता लगाने में अहम भूमिका निभाई। सेल से मिली सूचना के आधार पर मुंबई और राजस्थान पुलिस ने घटना के तुरंत बाद कुछ शूटरों को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि लॉरेंस गिरोह के निशाने पर बॉलीवुड के कई अन्य अभिनेता हैं। स्पेशल सेल ने इनसे जुड़ी गोपनीय जानकारी मुंबई एटीएस के साथ साझा की है, ताकि मुंबई पुलिस उनकी सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।