राउज एवेन्यू कोर्ट से बढ़ सकती हैं लालू परिवार की मुश्किलें, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नए सिरे से होगी सुनवाई
जमीन के बदले नौकरी घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार की मुश्किलें बढ़ ...और पढ़ें
-1794923328775_m.webp)
राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
लालू परिवार पर जमीन के बदले नौकरी घोटाले में सुनवाई।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोप तय करने पर बहस।
विशेष न्यायाधीश के तबादले से सुनवाई में देरी हुई।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। जमीन के बदले नौकरी घोटाले से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख और पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव व उनके परिवार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। राउज एवेन्यू स्थित विशेष न्यायाधीश की अदालत में अब आरोप तय करने को लेकर नए सिरे से सुनवाई होगी।
मामले की सुनवाई कर रहे विशेष न्यायाधीश के तबादले के बाद यह प्रक्रिया दोबारा शुरू की जा रही है। अदालत ने मामले को आरोप तय करने पर बहस के लिए एक और चार दिसंबर को सूचीबद्ध किया है।
लालू यादव समेत इन लोगों पर मामला दर्ज
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से दर्ज इस मामले में बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, सांसद मीसा भारती, तेजस्वी प्रसाद यादव, तेज प्रताप यादव, हेमा यादव और अन्य आरोपित हैं। लालू यादव के करीबी माने जाने वाले अमित कात्याल भी इस मामले में आरोपित हैं।
न्यायाधीश का हुआ तबादला
इस मामले में पहले विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने सुनवाई कर रहे थे। उन्होंने आरोप तय करने के मुद्दे पर आदेश सुनाने के लिए बाद की तारीख तय की थी, लेकिन उनका दिल्ली हाई कोर्ट में रजिस्ट्रार (विजिलेंस) के पद पर तबादला हो गया। इसके बाद मामला राउज एवेन्यू स्थित विशेष न्यायाधीश के पास भेजा गया।
बाद में विशेष न्यायाधीश प्रशांत कुमार ने सुनवाई की, लेकिन छह नवंबर को उनका भी दूसरी अदालत में तबादला हो गया। अब विशेष न्यायाधीश नवीन कुमार कश्यप इस मामले की सुनवाई कर रहे हैं।
क्या है ईडी का आरोप?
अदालत में अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल डीपी सिंह ने ईडी की ओर से मनी लांड्रिंग मामले की रूपरेखा रखी। ईडी का आरोप है कि वर्ष 2004 से 2009 के बीच लालू प्रसाद यादव के रेल मंत्री रहने के दौरान रेलवे में ग्रुप डी की नौकरियों के बदले अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से जमीन ली गई।
जांच एजेंसी का दावा है कि इस तरह अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों और लेनदेन से अपराध की कमाई तैयार की गई।
यह भी पढ़ें- 5 नेचर कैफे, 30 हाईटेक शौचालय और सोलर प्लांट से संवरेगी लुटियंस दिल्ली; NDMC की बैठक में कई प्रस्तावों को मंजूरी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।