दिल्ली के पॉश इलाके में स्पा की आड़ में चल रहा था गंदा धंधा, 5 सेंटरों पर पड़ा छापा; 39 लड़कियां रेस्क्यू
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली पुलिस ने लाजपत नगर में पांच स्पा सेंटरों पर छापा मारकर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई में एक नाबालिग सहित 39 पीड़ितों को मुक्त कराया गया और सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

लाजपत नगर में छापेमारी के लिए पहुंची पुलिस टीम। सौ. इंटरनेट मीडिया
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। सोमवार को ‘मिशन मुक्ति फाउंडेशन’ के सहयोग से पांच स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर 39 लोगों को मुक्त कराया गया।
मौके से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, सभी सेंटर लाजपत नगर की एक ही इमारत में अलग-अलग तल पर संचालित हो रहे थे।
पांच स्पा सेंटरों पर की गई छापेमारी
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार ने बताया कि एनजीओ की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई। सेंटरों से आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई है।
आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और रैकेट से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुक्त कराई गई 39 पीड़िताओं में एक नाबालिग भी है।
दर्ज एफआईआर के मुताबिक, ए वन, ड्यून, मैजिक, डी-स्ट्रेस और इली थाई स्पा वेजेस पर कार्रवाई की गई।
अभियान में कई संगठनों ने किया सहयोग
‘मिशन मुक्ति फाउंडेशन’ ने अभियान के समन्वय में सहयोग के लिए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के सदस्य प्रियंक कानूनगो, ‘रेस्क्यू एंड रिलीफ फाउंडेशन’ और ‘फिलैंथ्रोपी एनजीओ’ के सिद्धांत घोष का आभार जताया है।