विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उन्नाव रेप केस: दिल्ली HC में उम्रकैद के खिलाफ सेंगर की अपील पर सुनवाई, कहा- घटनास्थल पर नहीं था

Published: Tue, 07 Jul 2026 12:36 AM (IST)

दिल्ली हाई कोर्ट में उन्नाव दुष्कर्म मामले में कुलदीप सेंगर की अपील पर सुनवाई हुई, जहां उन्होंने घटना स्थल पर अपनी गैर-मौजूदगी का दावा किया। बचाव पक्ष ने जल्दबाजी में फैसले और आरोप तय न होने के बावजूद दोषसिद्धि पर सवाल उठाए, जबकि पीड़िता की ओर से वकील महमूद प्राचा ने पक्ष रखा।

उन्नाव रेप केस पर दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई।

उन्नाव रेप केस पर दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई।

HighLights

  1. सेंगर ने घटना स्थल पर अपनी गैर-मौजूदगी का दावा किया।

  2. बचाव पक्ष ने ट्रायल कोर्ट के फैसले पर सवाल उठाए।

  3. पीड़िता के परिवार ने सेंगर के बेटे से शादी का प्रस्ताव दिया था।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। उन्नाव दुष्कर्म मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की ओर से सोमवार को दिल्ली हाई कोर्ट में अंतिम अपील पर सुनवाई के दौरान कहा गया कि घटना के समय वह घटनास्थल पर मौजूद ही नहीं था।

मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति प्रतिबा एम सिंह और न्यायमूर्ति विकास महाजन की पीठ ने की। सुनवाई मंगलवार को भी जारी रहेगी।

सेंगर की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता एन हरिहरन ने दलील दी कि ट्रायल कोर्ट ने मात्र 19 दिनों में फैसला सुनाया और यह ऐसा मामला है, जहां जल्दबाजी में न्याय किया गया।

पंचायत में बेटे से विवाह के प्रस्ताव की दी दलील

उन्होंने कहा कि सेंगर पर आइपीसी की धारा 376(1) और पाक्सो अधिनियम के तहत आरोप तय किए गए थे, लेकिन दोषसिद्धि आइपीसी की धारा 376(2) के तहत की गई, जो लोकसेवक द्वारा दुष्कर्म से संबंधित है। उनके अनुसार जिस अपराध का आरोप तय नहीं हुआ, उसी में दोषी ठहराया जाना कानूनन उचित नहीं है।

बचाव पक्ष ने यह भी तर्क दिया कि पीड़िता ने 11 जुलाई 2017 को कुलदीप सेंगर के बेटे और चालक पर भी दुष्कर्म के समान आरोप लगाए थे। दोनों मामलों में सह-आरोपित शशि सिंह द्वारा बहलाने-फुसलाने का आरोप लगाया गया। ऐसे में यदि पहली घटना हुई थी तो एक सप्ताह बाद उसी प्रकार दूसरी घटना कैसे संभव हो सकती है।

अधिवक्ता ने दलील दी कि घटना के बाद पंचायत हुई थी, जिसमें पीड़िता के परिवार ने सेंगर के बेटे से विवाह का प्रस्ताव रखा था। सेंगर द्वारा प्रस्ताव अस्वीकार किए जाने के बाद वर्तमान मामला दर्ज कराया गया। उन्होंने यह भी दोहराया कि घटना के समय सेंगर घटनास्थल पर मौजूद नहीं था। पीड़िता की ओर से अधिवक्ता महमूद प्राचा ने पक्ष रखा।

पहले भी उठाए जा चुके हैं ये तर्क

इससे पहले 26 मई की सुनवाई में बचाव पक्ष ने कहा था कि सेंगर बंगरमऊ विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे, जबकि घटना उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र की है, जो उनके निर्वाचन क्षेत्र में नहीं आता।

यह भी दलील दी गई थी कि सह-आरोपित शशि सिंह के बरी हो जाने के बावजूद सेंगर को आपराधिक साजिश का दोषी कैसे ठहराया जा सकता है।

सुप्रीम कोर्ट ने दिया है जल्द सुनवाई का निर्देश

सेंगर को वर्ष 2019 में विशेष अदालत ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। वह उन्नाव हिरासत मृत्यु मामले में भी अन्य आरोपितों के साथ 10 वर्ष की सजा काट रहा है।

दोनों मामलों की अपीलें दिल्ली हाई कोर्ट में लंबित हैं। यह मुकदमा सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उत्तर प्रदेश से दिल्ली स्थानांतरित किया गया था।

यह भी पढ़ें- 'किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा से अधिक महत्वपूर्ण है बच्चे का अपने असली माता-पिता को जानना', दिल्ली HC की अहम टिप्पणी

यह भी पढ़ें- केंद्र की कार्रवाई के खिलाफ दिल्ली HC पहुंचे दिल्ली जिमखाना क्लब के सदस्य, 6 जुलाई को होगी सुनवाई

 

 

 

 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।