कश्मीरी गेट में ई-रिक्शा रोककर यात्रियों से लूटपाट की कोशिश, विरोध पर चाकूबाजी में एक की मौत; देखते रहे राहगीर
दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में ई-रिक्शा में लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने चालक व दो यात्रियों पर ...और पढ़ें

दिल्ली के यमुना बाजार के पास बदमाशों ने ई-रिक्शा रोककर उसमें सवार यात्रियों से लूटपाट की कोशिश की। एआई इमेज
HighLights
कश्मीरी गेट में ई-रिक्शा यात्रियों से लूटपाट का प्रयास।
विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से किया हमला।
एक यात्री प्रभात की मौत, दो अन्य घायल।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के व्यस्ततम इलाकों में शुमार कश्मीरी गेट इलाके में गुरुवार की शाम करीब साढ़े सात बजे ई-रिक्शा में सवार यात्रियों से लूटपाट की कोशिश की गई। लुटेरों का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया।
यमुना बाजार के पास बदमाशों ने ई-रिक्शा रोककर उसमें सवार यात्रियों से लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने ई-रिक्शा चालक और दो यात्रियों पर चाकू से हमला कर दिया। यह वारदात पूरे दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे रही है। अचरज है कि उनकी मदद को वहां मौजूद कोई भी राहगीर आगे नहीं आया।
हमले में तीन लोग घायल हो गए
हमले में तीन लोग घायल हो गए। तीनों को सिविल लाइंस स्थित ट्रामा सेंटर भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान प्रभात के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या, लूटपाट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, वारदात बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े सात बजे की है। कश्मीरी गेट थाने को यमुना बाजार के पास चाकूबाजी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में सामने आया कि कुछ बदमाशों ने रास्ते में ई-रिक्शा रोक लिया था।
ई-रिक्शा में चालक के अलावा महिला समेत तीन यात्री सवार थे। बदमाशों ने यात्रियों से सामान और रुपये देने को कहा। विरोध करने पर उन्होंने चाकू निकाल लिए और ई-रिक्शा में बैठे लोगों पर हमला कर दिया।
पुलिस कर रही बयान का इंतजार
अचानक हुए हमले से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। वारदात में चालक समेत तीन लोग घायल हुए। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डाॅक्टरों ने एक घायल यात्री प्रभात को मृत घोषित कर दिया।
अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, घायल चालक और अन्य यात्री फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। उनके बयान के बाद वारदात को लेकर और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
सीसीटीवी कैमरों से खंगाल रहे फुटेज
वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास के मार्गों और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिये आरोपितों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
कश्मीरी गेट थाना पुलिस के साथ उत्तरी जिले की आपरेशंस टीम भी जांच में जुटी है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और लूट के प्रयास के पीछे आरोपितों की भूमिका और वारदात के क्रम की जांच की जा रही है।
