विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कश्मीरी गेट में ई-रिक्शा में लूट और हत्या का मास्टमाइंड निकला मृतक का चचेरा भाई, 500 CCTV ने दिया सुराग

Published: Tue, 29 Sep 2026 03:50 PM (IST)

कश्मीरी गेट में ई-रिक्शा लूट और हत्या मामले में मृतक का चचेरा भाई ही मास्टरमाइंड निकला। दिल्ली पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर गुत्थी सुलझाई।

दिल्ली के कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र में हुए लूट एवं हत्याकांड में दो बदमाश कानपुर जबकि अन्य दो झांसी के रहने वाले हैं। एआई इमेज

दिल्ली के कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र में हुए लूट एवं हत्याकांड में दो बदमाश कानपुर जबकि अन्य दो झांसी के रहने वाले हैं। एआई इमेज

HighLights

  1. मृतक प्रभात का चचेरा भाई ही हत्या का मास्टरमाइंड निकला।

  2. ई-रिक्शा लूटपाट के दौरान चाकू मारकर प्रभात की हत्या की गई।

  3. दिल्ली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। कश्मीरी गेट थाना अंतर्गत नीली छतरी मंदिर के पास बीते 24 सितंबर की शाम एक ई-रिक्शा को घेरकर सवारियों से लूटपाट के दौरान एक यात्री की चाकू मारकर हत्या कर देने के मामले में जांच में हैरान करने वाली जानकारी मिली है। हत्यारा कोई अंजान नहीं बल्कि मृतक का चचेरा भाई ही था। वारदात में दो बदमाश कानपुर के जबकि अन्य दो झांसी के रहने वाले हैं।

आरोपितों में एक नाबालिग भी शामिल

पुलिस के अनुसार, आरोपित चचेरे भाई ने ही साथियों के साथ मिलकर भाई से रुपयों से भरा बैग लूटने के बाद उनकी चाकू मारकर हत्या कर दी थी। उसे मृतक भाई के नकदी लाने ले जाने के बारे में जानकारी थी। इस मामले में कश्मीरी गेट थाना और उत्तरी जिला के स्पेशल स्टाफ की टीम ने जांच के बाद आरोपित भाई समेत तीन अन्य को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी धर दबोचा है।

500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले

पुलिस का दावा है कि 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज की जांच और टेक्निकल सर्विलांस से एक कार का पता चला जिसमें नकली नंबर प्लेट लगी थी। उसी से पुलिस को सुराग मिला। इसके बाद यूपी के तीन शहरों में छापेमारी कर आरोपितों को दबोच कर उनके कब्जे से 2:30 लाख नकद बरामद किए गए। वारदात में शामिल तीन अन्य की तलाश जारी है।

बीच रास्ते में ई-रिक्शा रोक किया हमला

संयुक्त आयुक्त मधुर कुमार वर्मा का कहना है कि बीते 24 सितंबर की शाम करीब 7:20 बजे, मुरैना के रहने वाले सचिन अपने चाचा प्रभात के साथ गांधी नगर मार्केट की दुकानों से पेमेंट इकट्ठा कर ई रिक्शा से घर लौट रहे थे। सलीमगढ़ किला के पीछे नीली छतरी मंदिर अंडरपास के पास पहुंचने पर चार हमलावरों ने उनकी ई रिक्शा को रोक लिया।

लूट का विरोध करने पर घोंपा चाकू

हमलावरों ने प्रभात से नकदी से भरा पाॅलिथीन बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर हमलावरों ने प्रभात, सचिन और एक अन्य यात्री पर चाकू से हमला कर बैग लूट लिया और सभी मौके से भाग गए। प्रभात को चाकू लगने से गंभीर चोटें आईं, उन्हें सुश्रुत ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फुटेज के साथ-साथ एएनपीआर कैमरे भी खंगाले

पुलिस ने गुत्थी सुलझाने के लिए अंडरपास तक जाने वाले सभी संभावित एंट्री और एग्जिट रास्ते पर लगे कैमरे के फुटेज की जांच की, जिससे अहम सुराग मिलने पर जांच आगे बढ़ी।

एक मारुति स्विफ्ट कार अंडरपास के पास तेज रफ्तार में यू-टर्न लेते हुए सलीमगढ़ किले की ओर जाते हुए देखी गई। कार काफी दूर से रिकाॅर्ड हुई थी, जिससे अंधेरे के कारण साफ दिखाई नहीं दे रही थी, इसलिए शुरू में पहचान करना मुश्किल था।

हालांकि, फुटेज के साथ-साथ एएनपीआर कैमरों और टेक्निकल सर्विलांस की भी जांच की गई, जिससे कार पर लगे रजिस्ट्रेशन नंबर की पहचान हो गई।

आरोपितों के प्रोफाइल

  1. ओम सिंह, रतनपुर, कानपुर
  2. दीपू राठौर, झांसी। वह पहले यूपी में दुष्कर्म, पाक्सो, हत्या की कोशिश, जबरन वसूली, दंगा और गुंडा एक्ट व गैंगस्टर एक्ट के मामलों में शामिल रहा है।
  3. अभिषेक, रसूलबाद, कानपुर
  4. नाबालिग की उम्र 16 साल। वह पहले झांसी में दुष्कर्म, पाक्सो और एससी/एसटी एक्ट के मामलों में शामिल रहा है।

यह भी पढ़ें- कश्मीरी गेट में ई-रिक्शा रोककर यात्रियों से लूटपाट की कोशिश, विरोध पर चाकूबाजी में एक की मौत; देखते रहे राहगीर

यह भी पढ़ें- कश्मीरी गेट में सरेशाम हुई लूट से पहले की गई थी रेकी, 30 लाख की नकदी पर थी बदमाशों की नजर