कश्मीरी गेट में सरेशाम हुई लूट से पहले की गई थी रेकी, 30 लाख की नकदी पर थी बदमाशों की नजर
दिल्ली के कश्मीरी गेट में ई-रिक्शा में सवार कलेक्शन एजेंटों से लूटपाट की साजिश रची गई, जिसमें एक एजेंट की ...और पढ़ें

जांच में सामने आया है कि कश्मीरी गेट इलाके में ई-रिक्शा को रोककर यात्रियों से लूटपाट की वारदात साजिश थी। एआई इमेज
HighLights
कश्मीरी गेट में ई-रिक्शा रोककर कलेक्शन एजेंट से लूटपाट।
विरोध करने पर चाकू मारकर एक एजेंट की हत्या।
बदमाशों ने 15 लाख रुपये लूटे, पुलिस कर रही तलाश।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। कश्मीरी गेट इलाके में ई-रिक्शा को रोककर यात्रियों से लूटपाट की वारदात साजिश थी। बदमाशों को पहले से जानकारी थी कि ई-रिक्शा में सवार लोगों के पास लाखों रुपये नकदी है। उन्होंने घात लगाकर ई-रिक्शा रोककर यात्री से नकदी से भरा बैग लूटने की कोशिश की। इसका विरोध करने पर बदमाशों ने चालक समेत यात्रियों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें प्रभात की मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा सचिन व अन्य यात्री आकाश घायल हो गए।
संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही पुलिस
इस दौरान बदमाश प्रभात के पास से एक बैग में रखे 15 लाख रुपये नकदी लूटकर फरार हो गए। हालांकि, आरोपित पीड़ितों से दूसरा बैग लूटने में कामयाब नहीं हो सके, जिसमें भी 15 से 20 लाख रुपये नकदी थी। वहीं, शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद प्रभात का शव स्वजन को सौंप दिया गया। पुलिस की कई टीमें आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
दो बैगों में करीब 30 लाख का था नकद
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मध्य प्रदेश के मुरैना के रहने वाले प्रभात और उनका भतीजा सचिन एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में कलेक्शन एजेंट के रूप में काम करते थे। दोनों नकदी कलेक्ट कर ई-रिक्शा से गांधी नगर से चांदनी चौक स्थित हैदर कुली जा रहे थे। उनके पास दो बैगों में करीब 30 लाख से अधिक की नकदी थी। इसी दौरान बदमाशों ने कश्मीरी गेट स्थित यमुना बाजार के पास ई-रिक्शा को रोक लिया और नकदी से भरे बैग लूटने की कोशिश की।
आरएमएल अस्पताल रेफर किया गया
विरोध करने पर बदमाशों ने नकदी से भरा एक बैग लूटते हुए ई-रिक्शा चालक समेत यात्रियों पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना में घायलों को तुरंत सिविल लाइंस स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां प्रभात की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि सचिन को गंभीर चोटें आईं और उसे आरएमएल अस्पताल रेफर किया गया। वहीं अन्य घायल आकाश को उपचार के बाद रात में ही छुट्टी दे दी गई।
बदमाशों को थी नकदी की जानकारी
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज जुटाकर बदमाशों की पहचान का प्रयास शुरू किया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपितों ने पहले से रेकी की थी और उन्हें नकदी ले जाने की जानकारी थी। ऐसे में पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कलेक्शन एजेंटों के साथ बड़ी रकम होने की सूचना बदमाशों तक कैसे पहुंची।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
वारदात के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात के बाद पुलिस अब तक आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। कश्मीरी गेट थाना पुलिस और उत्तरी जिले की स्पेशल स्टाफ की टीम 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का दावा कर रही है।
