विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली पर दिल्ली में बढ़ा ध्वनि प्रदूषण, करोल बाग फिर टॉप पर

Published: Tue, 10 Nov 2026 12:22 AM (IST)

दिल्ली में दीवाली पर पटाखों के कारण ध्वनि प्रदूषण बढ़ा, जिसमें लगातार दूसरे साल करोल बाग सबसे अधिक शोर वाला ...और पढ़ें

दीवाली पर दिल्ली में बढ़ा ध्वनि प्रदूषण ( एआई जेनरेटेड इमेज)

दीवाली पर दिल्ली में बढ़ा ध्वनि प्रदूषण ( एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. करोल बाग लगातार दूसरे साल दिल्ली में सबसे शोर वाला क्षेत्र।

  2. सोनिया विहार में ध्वनि प्रदूषण में 16.6% की सर्वाधिक वृद्धि।

  3. अशोक विहार में ध्वनि स्तर में 8.8% की उल्लेखनीय कमी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दीवाली पर पटाखों के शोर ने दिल्ली के कई इलाकों में ध्वनि प्रदूषण का स्तर बढ़ा दिया। राजधानी में लगातार दूसरे साल करोल बाग सबसे अधिक शोर वाले इलाकों में शीर्ष पर रहा।

यहां दीवाली के दिन ध्वनि का स्तर 89.1 डेसीबल दर्ज किया गया, जबकि पिछले साल यह 89.2 डेसीबल था। यानी मामूली कमी के बावजूद यहां शोर का स्तर लगभग उतना ही ऊंचा बना रहा।

ध्वनि प्रदूषण में बढ़ोतरी

वहीं, सोनिया विहार में पिछले साल के मुकाबले ध्वनि प्रदूषण में सबसे अधिक 16.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) की देर रात जारी रिपोर्ट 'असेसमेंट आफ एम्बिएंट एयर क्वालिटी ड्यूरिंग दीपावली 2026' के अनुसार, दीवाली पर राजधानी के 26 वास्तविक समय ध्वनि निगरानी केंद्रों से आंकड़े जुटाए गए।

इनमें 19 स्थानों पर पिछले साल के मुकाबले ध्वनि स्तर बढ़ा, जबकि केवल सात स्थानों पर कमी दर्ज की गई। इस दौरान ध्वनि का स्तर 57.5 से 89.1 डेसीबल के बीच रहा।

सोनिया विहार में 16.6 प्रतिशत बढ़ा शोर

इलाकों के लिहाज से देखें तो सोनिया विहार में ध्वनि स्तर 64.3 से बढ़कर 74.9 डेसीबल हो गया। यह 16.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। इसके बाद जहांगीरपुरी में 74 से बढ़कर 81.2 डेसीबल (9.7 प्रतिशत) और मुंडका में 62.5 से बढ़कर 68.2 डेसीबल (9.1 प्रतिशत) दर्ज किया गया।

पटपड़गंज में भी शोर का स्तर 73.3 से बढ़कर 79.5 डेसीबल हो गया, जो 8.4 प्रतिशत की वृद्धि है। नजफगढ़ में 8.2 प्रतिशत और कश्मीरी गेट में 5.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

अशोक विहार में सबसे ज्यादा गिरावट

जिन सात स्थानों पर ध्वनि प्रदूषण कम हुआ, उनमें अशोक विहार सबसे आगे रहा। यहां ध्वनि स्तर 74.9 से घटकर 68.3 डेसीबल रह गया, यानी 8.8 प्रतिशत की कमी आई।

कनॉट प्लेस में 5.7 प्रतिशत, विवेक विहार में 1.7 प्रतिशत और डॉ. करणी सिंह केंद्र पर 1.6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। रोहिणी, पूसा और करोल बाग में भी मामूली कमी आई।

आंकड़ों से स्पष्ट है कि दीवाली पर ध्वनि प्रदूषण का स्तर अधिकांश इलाकों में पिछले साल से अधिक रहा। करोल बाग में लगातार ऊंचा शोर और सोनिया विहार, जहांगीरपुरी व मुंडका में तेज बढ़ोतरी पटाखों से होने वाले ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण की चुनौती को सामने रखती है।

प्रमुख इलाकों में ध्वनि प्रदूषण की स्थिति

इलाका 2025 (डेसीबल) 2026 (डेसीबल) बदलाव

करोल बाग 89.2 89.1 -0.1%

सोनिया विहार 64.3 74.9 +16.6%

जहांगीरपुरी 74.0 81.2 +9.7%

मुंडका 62.5 68.2 +9.1%

पटपड़गंज 73.3 79.5 +8.4%

नजफगढ़ 53.1 57.5 +8.2%

अशोक विहार 74.9 68.3 -8.8%

कनॉट प्लेस 70.8 66.8 -5.7%

विवेक विहार 80.6 79.3 -1.7%

यह भी पढ़ें- मुंबई में आग लगने की घटनाओं के बाद MDMA का एक्शन, 25 नवंबर तक हवा में फूटने वाले पटाखों पर बैन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।