विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ज्वाला नगर में फरिश्ते बने पड़ोसी, बहादुरी दिखाते हुए बचाई कई लोगों की जिंदगी 

Published: Wed, 18 Nov 2026 05:27 AM (GMT+05:30)

पूर्वी दिल्ली के ज्वाला नगर में 40 साल पुराना दो मंजिला मकान गिरने से हड़कंप मच गया। पड़ोसियों ने सरकारी ...और पढ़ें

ज्वाला नगर मकान हादसा पड़ोसियों ने बचाई कई जिंदगियां ( फोटो स्रोत : जागरण)

ज्वाला नगर मकान हादसा पड़ोसियों ने बचाई कई जिंदगियां ( फोटो स्रोत : जागरण)

HighLights

  1. पड़ोसियों ने सरकारी बचाव दल से पहले चार लोगों को बचाया।

  2. पूर्वी दिल्ली के ज्वाला नगर में 40 साल पुराना मकान गिरा।

  3. हादसे में तीन वर्षीय देवांश और पिंटू की दुखद मौत।

शुजाउद्दीन, पूर्वी दिल्ली। पड़ोसी आखिर पड़ोसी ही होता है, मुसीबत में कई बार खून के रिश्तों से भी बढ़कर अपना बन जाता है। मंगलवार सुबह ज्वाला नगर में जब 40 साल पुराना दो मंजिला मकान भरभराकर गिरा तो कुछ पलों के लिए पूरा इलाका सहम गया।

तेज धमाके जैसी आवाज हुई, मकान जमींदोज हुआ और चारों तरफ धूल का ऐसा गुबार उठा कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। लोगों को लगा जैसे भूकंप आ गया हो, लेकिन जब धूल छंटी तो सामने मकान नहीं, मलबे का पहाड़ था। उसके नीचे सात जिंदगियां जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही थीं।

किसी की चीख सुनाई दे रही थी..

किसी की चीख सुनाई दे रही थी, तो कोई मदद के लिए पुकार रहा था। ऐसे में तमाशबीन बनने के बजाय पड़ोसी फरिश्ता बनकर दौड़े। न हाथों में कोई औजार था, न बचाव का कोई प्रशिक्षण, बस सामने जिंदगी बचाने की जिद थी। रामू, भानू प्रताप व अन्य लोग मलबे में हाथ डालकर लोगों को तलाशने लगे।

करीब दस मिनट की मशक्कत में चार लोगों को बाहर निकाल लिया। सरकारी बचाव दल पहुंचने से पहले पड़ोसियों ने चार घरों के चिराग बुझने से बचा लिए।

मलबे में दबे लोगों में गजक बनाने का काम करने वाले पिंटू, विकाश, अमन, दिलीप और आकाश भी थे। भानू प्रताप ने बताया कि तेज आवाज सुनकर बाहर निकले तो धूल के कारण कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। बाद में चीखें सुनाई दीं तो आसपास के लोगों को बुलाया। रामू समेत छह लोग बिना किसी उपकरण के मलबा हटाने में जुट गए।

पुलिस और दमकल की टीमें पहुंचने के बाद खुशबू, उसके तीन वर्षीय बेटे देवांश और पिंटू को बाहर निकाला गया। पिंटू सबसे आखिर में निकाला गया। इस हादसे में देवांश और पिंटू की मौत हो गई, जबकि घायलों को डा. हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दीवाली पर बेटी घायल हुई, अब बेटे ने दुनिया को कहा अलविदा

कन्हैया के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दिहाड़ी मजदूरी करने वाले कन्हैया की आठ वर्षीय बेटी दीवाली पर छत से गिरकर घायल हो गई थी। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मंगलवार को कन्हैया बेटी के पास अस्पताल में थे। तभी फोन आया कि मकान गिर गया है।

हादसे में तीन वर्षीय बेटे देवांश की मौत हो गई और पत्नी खुशबू घायल हो गईं। खबर सुनकर कन्हैया के पिता सुरेश पासवान बेसुध हो गए।

किरायेदारों का नहीं हुआ था पुलिस सत्यापन

करीब 700 वर्ग गज के परिसर में लगभग 30 कमरे हैं और करीब 70 किरायेदार रहते हैं। छोटे कमरे का किराया लगभग तीन हजार रुपये है। किरायेदारों का कहना है कि पूरे भवन में दरारें थीं। अधिकतर किरायेदार बिहार और उत्तर प्रदेश के मजदूर परिवारों से हैं। उनका पुलिस सत्यापन भी नहीं हुआ था।

कुछ घंटे पहले गिरता मकान तो बड़ा होता हादसा

किरायेदारों के अनुसार, अधिकतर मजदूर सुबह आठ से साढ़े आठ बजे तक काम की तलाश में निकल जाते हैं। हादसा करीब दस बजे हुआ। उनका कहना है कि यदि मकान कुछ घंटे पहले गिरता तो घरों में ज्यादा लोग मौजूद होते और जानमाल का नुकसान बढ़ सकता था।


बचाव कार्य में अगर थोड़ी भी देरी होती तो कई लोगों की जान जा सकती थी। मैं पड़ोस में ही रहता हूं। आवाज सुनते ही मलबा हटाने में जुट गया। - भानुप्रताप

नीचे दबे लोग जान बचाने के लिए चिल्ला रहे थे, लेकिन दिखाई नहीं दे रहे थे। जब मलबा हटाया तो वे नजर आए। उनके सिर, हाथ और पैरों पर चोट लगी थी।- रामू

यह भी पढ़ें- ज्वाला नगर में हादसे को दावत दे रहे अवैध निर्माण, हर पल मंडरा रहा मौत का खतरा


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।