विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JNU प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम पर FIR, 11 छात्राओं ने लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप

Published: Mon, 12 Oct 2026 12:26 PM (IST)Updated: Mon, 12 Oct 2026 12:41 PM (IST)

जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।

प्रोफेसर के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन। जागरण

प्रोफेसर के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन। जागरण

HighLights

  1. प्रोफेसर बिमोल अकोइजम पर यौन उत्पीड़न की FIR दर्ज।

  2. जेएनयू शिक्षक संघ ने बर्खास्तगी प्रक्रिया पर सवाल उठाए।

  3. 11 छात्राओं की शिकायत पर हुई यह कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी के चीफ सिक्योरिटी आफिसर की शिकायत पर 11 अक्टूबर को वसंत कुंज नार्थ थाना पुलिस ने कांग्रेस के लोकसभा सांसद व जेएनयू प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले में एफआइआर दर्ज की है।

पुलिस ने बीएनएस की धारा 75, 75(1)(i), 75(1)(iv) और 79 के तहत दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इधर, जेएनयू में प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल आकोइजाम की बर्खास्तगी को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन और शिक्षक संघ के बीच विवाद गहरा गया है।

जेएनयू शिक्षक संघ (जेएनयूटीए) ने कुलगुरु की ओर से जारी बर्खास्तगी आदेश की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे विश्वविद्यालय के नियमों के उल्लंघन का मामला बताया है। 11 अक्टूबर को जारी बयान में जेएनयूटीए अध्यक्ष सैयद अख्तर हुसैन और सचिव अविनाश कुमार ने कहा कि नौ अक्टूबर के आदेश के जरिए प्रोफेसर आकोइजम को सेवाओं से हटाने की कार्रवाई की गई।

WhatsApp Image 2026-10-12 at 11.20.11

'शिक्षक को बर्खास्त करने का अधिकार कार्यकारी परिषद के पास'

संघ के अनुसार, जेएनयू अधिनियम के नियम 30 के तहत शिक्षक को बर्खास्त करने का अधिकार कार्यकारी परिषद के पास है। आरोप है कि इस मामले में परिषद की बैठक नहीं बुलाई गई और सदस्यों को संबंधित दस्तावेज भी नहीं दिए गए।

शिक्षक संघ ने यौन उत्पीड़न की शिकायत से संबंधित आंतरिक शिकायत समिति (आइसीसी) की सिफारिशें मीडिया में लीक होने पर भी आपत्ति जताई। संघ का कहना है कि शिकायत से जुड़ी संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक होने से गोपनीयता के नियमों का उल्लंघन होता है।

निर्धारित प्रक्रिया का पालन जरूरी: जेएनयूटीए 

जेएनयूटीए ने कहा कि यौन उत्पीड़न जैसे संवेदनशील मामलों में न्याय सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन जरूरी है। संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन को जवाबदेह ठहराने की मांग की है।

हालांकि, बर्खास्तगी आदेश की वैधता को लेकर उठाए गए सवाल शिक्षक संघ के आरोप हैं। बता दें कि 11 छात्राओं द्वारा प्रोफेसर के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई है।

भाजपा महिला मोर्चा कर रही प्रदर्शन

दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर कांग्रेस के विरुद्ध भाजपा महिला मोर्चा आज सुबह से ही प्रदर्शन कर रही है। यहां से प्रदर्शनकारी कांग्रेस मुख्यालय तक मार्च करेंगे। जेएनयू में छात्राओं से यौन उत्पीड़न के दोषी कांग्रेस सांसद प्रोफेसर बिमोल अकोइजम को राहुल गांधी द्वारा संरक्षण देने का आरोप।

यह भी पढ़ें- आज सभी कांग्रेस कार्यालयों पर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, जेएनयू यौन उत्पीड़न प्रकरण पर कांग्रेस को घेर रही भाजपा