जंतर-मंतर पर 33 साल बाद हटी बैरिकेडिंग, अशोक रोड से टॉल्स्टॉय मार्ग तक रास्ता खुला; प्रदर्शनों का दौर खत्म
जंतर-मंतर से 33 साल बाद विरोध-प्रदर्शनों के लिए लगी बैरिकेडिंग हटा दी गई है, जिससे अशोक रोड को टाॅल्स्टाॅय मार्ग ...और पढ़ें

प्रदर्शन स्थल की लिस्ट हटाए जाने के बाद जंतर मंतर से बैरिकेडिंग हटी।
जागरण संवाददात, नई दिल्ली। देशभर के आंदोलनों और विरोध-प्रदर्शनों के प्रमुख केंद्र रहे जंतर-मंतर पर अब सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया है। करीब 33 साल बाद यहां धरना-प्रदर्शनों के लिए लगाई गई सड़क की बैरिकेडिंग हटा दी गई है।
इसके साथ ही अशोक रोड को टॉल्स्टॉय मार्ग से जोड़ने वाले रास्ते पर आम वाहनों की आवाजाही बहाल हो गई है। इससे नई दिल्ली इलाके में ट्रैफिक सुगम होने और स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
अशोक रोड से टॉल्स्टॉय मार्ग तक आवाजाही बहाल
जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद दिल्ली पुलिस ने सड़क से बैरिकेडिंग हटाने का फैसला किया। अब अशोक रोड को टॉल्स्टॉय मार्ग से जोड़ने वाले रास्ते पर आम वाहन आ-जा सकेंगे।
पहले प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा कारणों से आसपास की सड़कों पर बैरिकेडिंग कर दी जाती थी। इससे आम लोगों की आवाजाही प्रभावित होती थी और वाहन चालकों को दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ता था। स्थानीय निवासियों ने भी इस समस्या को उठाया था।
1993 में आधिकारिक धरना स्थल बना था जंतर-मंतर
वर्ष 1993 में जंतर-मंतर को आधिकारिक रूप से धरना स्थल के तौर पर अधिसूचित किया गया था। इसके बाद से यहां राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, कर्मचारी संगठनों और विभिन्न जन आंदोलनों के प्रदर्शन होते रहे।
संसद और केंद्रीय सरकारी कार्यालयों के नजदीक होने के कारण जंतर-मंतर विरोध दर्ज कराने का प्रमुख केंद्र बन गया था। अन्ना आंदोलन सहित कई ऐतिहासिक प्रदर्शन भी यहां हुए।
अब इन तीन जगहों पर होंगे प्रदर्शन
जंतर-मंतर को अधिकृत धरना स्थलों की सूची से हटाने के फैसले के बाद दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। अब प्रदर्शन के लिए वैकल्पिक स्थलों के रूप में तीन जगहों को चिह्नित किया गया है।
- रामलीला मैदान
- बुराड़ी मैदान
- पूर्वी दिल्ली का सीबीडी मैदान
इन बदलावों के बाद जंतर-मंतर की तस्वीर नए स्वरूप में नजर आएगी। सड़क से बैरिकेडिंग हटने और वाहनों की आवाजाही बहाल होने से नई दिल्ली इलाके में यातायात व्यवस्था पर भी असर पड़ेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।