दिल्ली-NCR में जन्माष्टमी की धूम, मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़; आधी रात गूंजे ‘नंद के आनंद भयो’ के जयकारे
दिल्ली-एनसीआर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ा, जहां सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना और तैयारियां जारी रहीं। आधी रात को भगवान कृष्ण के जन्म के साथ 'नंद के आनंद भयो' के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा, विशेष भोग और झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

जन्माष्टमी के अवसर पर यमुना खेल परिसर में आयोजित मटकी फोड़ लीग में मटकी फोड़ने का प्रयास करते प्रतिभागी व मंदिरों में दर्शन करते लोग।
HighLights
दिल्ली-एनसीआर के मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
नोएडा इस्कॉन में 500 से अधिक व्यंजनों का भोग लगा।
आधी रात को 'नंद के आनंद भयो' के जयकारे गूंजे।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शुक्रवार को दिल्ली-NCR में भक्तों का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। नोएडा से लेकर दिल्ली, गुरुग्राम और गाजियाबाद तक मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
कहीं फूलों से मंदिर सजाए गए तो कहीं लड्डू गोपाल के लिए चांदी का झूला तैयार है। शाम होते-होते भजन-कीर्तन और आरती से मंदिर परिसर कृष्णमय हो गए हैं। अब श्रद्धालुओं को मध्यरात्रि का इंतजार खत्म हो गया और ठीक 12 बजे भादो की आधी रात कन्हाई जन्मे।
नोएडा में 500 से अधिक व्यंजनों का लगा
नोएडा के सेक्टर-33 स्थित इस्कान मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के लिए 500 से अधिक प्रकार के व्यंजनों का भोग तैयार किया गया। इसमें माखन-मिश्री, लड्डू, पेड़े, खीर और हलवे के साथ पूड़ी-कचौड़ी, परांठे, केक, पेस्ट्री, पिज्जा, पास्ता, लजानिया और टैकोज जैसे व्यंजन शामिल हैं। मंदिर में विशेष श्रृंगार किया गया और हरिनाम संकीर्तन से माहौल भक्तिमय बना हुआ है।

सेक्टर-151 स्थित इस्कान मंदिर की ओर से सेक्टर-149 के गणेशावरम् होटल में भी विशेष आयोजन किया गया। वहीं सेक्टर-19 स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में आकर्षक फूल बंगला तैयार किया गया। लड्डू गोपाल को चांदी के झूले में विराजमान कराया गया। मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए करीब 1500 किलोग्राम प्रसाद की व्यवस्था की गई।

दिल्ली में सजाए गए मंदिर, कृष्ण की झांकियां बनीं आकर्षण
दिल्ली के विभिन्न मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया। लक्ष्मी नारायण मंदिर में श्रद्धालु नन्हे बच्चों को कान्हा के वेश में लेकर पहुंचे। पांडव नगर स्थित श्री सनातन धर्म राधा कृष्ण मंदिर में आकर्षक सजावट की गई। विवेक विहार और आनंद विहार स्थित मंदिरों में कृष्ण जन्म की झांकियां सजाई गई।
-1788536361632.webp)
यमुना खेल परिसर में जन्माष्टमी के अवसर पर मटकी फोड़ लीग का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

पटौदी में बारिश के बीच भी उमड़ेगी भक्तों की भीड़
गुरुग्राम के पटौदी-जाटौली मंडी क्षेत्र में जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों में विशेष तैयारियां की गई हैं। शाम से भजन-कीर्तन और आरती का दौर चलेगा। आश्रम हरि मंदिर पटौदी में भगवान श्रीकृष्ण की विद्युत चालित झांकियां विशेष आकर्षण बनी।

इनमें बाल लीलाओं से लेकर सुदामा प्रसंग और महाभारत में दिए गीता उपदेश तक की झलक दिखाई गई।
-1788536447398.webp)
मध्यरात्रि में महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज श्रद्धालुओं के साथ भगवान श्रीकृष्ण को झूला झुलाएंगे और आरती करेंगे। इसके बाद प्रसाद वितरित किया जाएगा। क्षेत्र के अन्य मंदिरों में भी जन्मोत्सव को लेकर विशेष आयोजन किया।
गाजियाबाद में कथा पंडाल में गूंजेगा कृष्ण जन्मोत्सव
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित हिमालय तनिष्क सोसायटी में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारियां की गई।

कथा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग के दौरान श्रद्धालु ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे लगाए।

भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। श्रद्धालु ने बाल स्वरूप के दर्शन कर फूलों की वर्षा की।
आधी रात गूंजेंगे जयकारे
इसी प्रकार एनसीआर के अन्य शहरों में भी दिनभर मंदिरों में दर्शन, पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों के बाद श्रद्धालुओं की निगाहें मध्यरात्रि पर टिकी थी।

जैसे ही घड़ी में 12 बजे, भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के साथ मंदिर शंख-घंटियों और ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठे। अभिषेक और महाआरती के बाद श्रद्धालुओं ने लड्डू गोपाल के दर्शन कर जन्माष्टमी का उत्सव मनाया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।