विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'डॉ. मुखर्जी का जलाया दीप आज विशाल सूर्य बन चुका है', जनसंघ की 75वीं वर्षगांठ पर नितिन नवीन

Published: Wed, 21 Oct 2026 02:29 PM (IST)

भारतीय जनसंघ के 75 वर्ष पूरे होने पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा ...और पढ़ें

जनसंघ के 75 वर्षों की यात्रा त्याग

जनसंघ के 75 वर्षों की यात्रा त्याग

HighLights

  1. जनसंघ से भाजपा तक 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा

  2. डॉ. मुखर्जी का 'राष्ट्र प्रथम' मूल मंत्र रहा

  3. अनुच्छेद 370 हटाना, राम मंदिर निर्माण प्रमुख उपलब्धियां

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। भारतीय जनसंघ के 75 वर्ष पूरे होने पर बुधवार को गोल मार्केट में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि 21 अक्टूबर, 1951 को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कमल के निशान के साथ जिस दीप को जलाया था, वह आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का सूर्य बन गया है।

जनसंघ से भाजपा तक की इस यात्रा का मूल मंत्र राष्ट्र प्रथम रहा है। 75 वर्ष की इस यात्रा का संकल्प ''त्याग से शिखर तक'' रहा और अब लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत का निर्माण है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश में दो विचारधाराएं थीं। सत्ता में रहने वाली विचारधारा भारत को पश्चिम का अनुकरण करने की पक्षधर थी, जबकि दूसरी भारत की आत्मा, संस्कृति और गौरव के अनुरूप विकास चाहती थी। डॉ. मुखर्जी ने दूसरी विचारधारा को राजनीतिक स्वर देते हुए जनसंघ की स्थापना की।

'एक देश में दो विधान' का नारा

उन्होंने कश्मीर के पूर्ण एकीकरण के लिए ''एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे'' का नारा दिया। उन्होंने कहा कि जनसंघ ने सत्ता के लिए नहीं, सिद्धांतों के लिए संघर्ष किया।

उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 1953 में कश्मीर में निधन और 1968 में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मुगलसराय में हुई रहस्यमय मृत्यु का उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं के बावजूद संगठन की यात्रा नहीं रुकी। आपातकाल के दौरान जनसंघ के हजारों कार्यकर्ताओं ने जेल और यातनाएं सहीं, लेकिन राष्ट्रवाद और लोकतंत्र के विचार से समझौता नहीं किया।

1977 में जनसंघ का जनता पार्टी में विलय हुआ। सत्ता मिली लेकिन सरकार में शामिल कुछ नेताओं से विवाद के बीच जनता पार्टी टूटी और छह अप्रैल, 1980 को भाजपा का गठन हुआ। एक बार फिर शून्य से यात्रा शुरू हुई और शिखर तक पहुंचे हैं। कहा कि भाजपा सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के एक देश, एक विधान के संकल्प को पूरा किया।

राम मंदिर निर्माण और तीन तलाक पर चर्चा

राम मंदिर निर्माण और तीन तलाक के विरुद्ध कानून को भी उन्होंने जनसंघ की वैचारिक यात्रा की उपलब्धियों के रूप में गिनाया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जनसंघ से भाजपा तक की 75 वर्षों की यात्रा असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और समर्पण का परिणाम है। कभी दो संसदीय सीटों से शुरुआत करने वाली भाजपा आज देश की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखती है।

कार्यकर्ताओं ने किया संगठन के लिए काम

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने पद और टिकट की अपेक्षा के बिना संगठन के लिए काम किया। उनके योगदान का सम्मान करना और पार्टी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना सभी का दायित्व है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण का आह्वान किया।

इस अवसर पर दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित अन्य नेता उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- सीएम रेखा गुप्ता ने किया 'यमुना चलो' अभियान का आह्वान, 70 घाटों पर चला स्वच्छता ड्राइव

यह भी पढ़ें- महानवमी पर सीएम रेखा गुप्ता ने किया कन्या पूजन, बेटियों के सशक्तिकरण पर दिया जोर