विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जामिया में भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को हटाया, परिसर में हंगामा और विरोध प्रदर्शन

By Rais Rais Edited By: Sachin Jha
Published: Sun, 18 Oct 2026 08:29 AM (IST)

जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर चल रही भूख हड़ताल के छठे दिन छात्रों को प्रदर्शन स्थल से जबरन हटा दिया गया, जिससे विवाद बढ़ गया।

जामिया में भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को हटाया ( फोटो स्रोत : जागरण )

जामिया में भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को हटाया ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को जबरन हटाया गया।

  2. सुरक्षाकर्मियों पर छात्रों से मारपीट का आरोप लगा।

  3. तीन छात्रों पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने की कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर चल रही भूख हड़ताल के छठे दिन शनिवार सुबह छात्रों को प्रदर्शन स्थल से हटाए जाने पर विवाद बढ़ गया।

छात्रों ने विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि इस दौरान छह छात्रों को मामूली चोटें आईं। वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि तबीयत बिगड़ने पर दो छात्रों को अस्पताल भेजा गया था।

जबरन गेट में दाखिल हुए छात्र

घटना के विरोध में शनिवार दोपहर छात्रों ने गेट नंबर-7 पर दोबारा प्रदर्शन शुरू कर दिया। शाम को करीब 300 छात्र जुटे और विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश कर विरोध-प्रदर्शन करने का प्रयास किया। कुछ छात्र जबरन गेट के अंदर दाखिल हो गए।

प्रदर्शनकारियों ने कुलपति और रजिस्ट्रार के पोस्टर लहराते हुए वीसी गेट तक मार्च निकाला। सुरक्षाकर्मियों ने कई छात्रों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। एहतियात के तौर पर पूरे परिसर की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई।

अर्धसैनिक बल तैनात

तनाव को देखते हुए विश्वविद्यालय के सभी गेट पर पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात कर दिए गए। देर रात तक प्रदर्शन जारी रहा। छात्रों ने पूरे घटनाक्रम की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।

दरअसल, कुछ छात्र 12 अक्टूबर की शाम से गुलिस्तान-ए-गालिब लान के गेट नंबर-7 के पास धरना दे रहे थे। इनमें से पांच छात्र भूख हड़ताल पर बैठे थे। शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे उन्हें प्रदर्शन स्थल से हटा दिया गया।

सामने आया घटना का वीडियो

छात्रों का आरोप है कि करीब 100 सुरक्षाकर्मी मस्जिद वाले गेट के पीछे से वहां पहुंचे और उन्हें घसीटते हुए गेट नंबर-7 तक ले गए। इसके बाद एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। छात्रों ने सुरक्षाकर्मियों पर बाल खींचने और पेट पर मारने के आरोप भी लगाए हैं।

घटना के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए हैं। भूख हड़ताल पर बैठे मोहम्मद जासिम और एविन की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी। इसके बाद छात्र एविन प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और भूख हड़ताल जारी रखने का एलान किया।

तीन छात्रों पर कार्रवाई

जामिया प्रशासन ने तीन छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की है। छात्र मोहम्मद जासिम पर छह महीने के लिए कैंपस में आने पर रोक लगाई गई है। उन पर 12 अक्टूबर को बिना अनुमति कैंपस में प्रवेश करने, सुरक्षाकर्मियों से दुर्व्यवहार करने, गाली-गलौज करने और अनुशासनहीनता समेत कई आरोप हैं।

उन पर अनुपस्थित रहने का आरोप भी लगाया गया है। वहीं, बीए एलएलबी (आनर्स) के छात्र एविन को एक साल के लिए कैंपस में प्रवेश से रोकने के साथ निलंबित भी कर दिया गया है। इसके अलावा, छात्र रेहान को भी निलंबित किया गया है।

यह भी पढ़ें- मंडी में FB लाइव पर दी सुसाइड की चेतावनी, फिर निगला कीटनाशक; पहले भी चर्चा में रहा चौकीदार