दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में चाकूबाजी, 5 पुलिसवाले घायल; फरार हमलावर मुठभेड़ के बाद चितली कब्र से गिरफ्तार
पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में एक व्यक्ति ने पूछताछ के दौरान पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। आरोपी नबील को पुलिस ने पीछा कर मुठभेड़ के बाद चितली कब्र इलाके में काबू किया।

पारिवारिक विवाद के मामले में पूछताछ के लिए बुलाए गए एक व्यक्ति ने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। एआई इमेज
HighLights
जामा मस्जिद थाने में व्यक्ति ने पुलिस पर चाकू से हमला किया।
हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल, बेहतर इलाज के लिए अस्पताल रेफर।
आरोपी नबील को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चितली कब्र से दबोचा।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पारिवारिक विवाद के मामले में पूछताछ के लिए बुलाए गए एक व्यक्ति ने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस टीम को गोली चलानी पड़ी
आरोपित की पहचान नबील के रूप में हुई है। वारदात के बाद वह थाने से फरार हो गया और भागने के लिए एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया। बाद में पुलिस ने उसका पीछा कर चितली कब्र इलाके में घेर लिया। यहां भी उसने पुलिसकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम को गोली चलानी पड़ी और उसे काबू कर लिया गया।
पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन पर वार किए
पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे नबील को उसकी मां और बहन से जुड़े पारिवारिक विवाद की शिकायत के सिलसिले में जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था। थाने में मौजूद पुलिसकर्मी उससे बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उसने अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। उसने पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन पर वार किए। हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
थाने में अफरा-तफरी मच गई
घटना के बाद थाने में अफरा-तफरी मच गई। घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सर गंगा राम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वहीं, हमला करने के बाद आरोपित थाने से भाग निकला। फरार होने के लिए उसने रास्ते में एक दोपहिया वाहन लूट लिया। घटना की सूचना मिलते ही मध्य जिले की ऑपरेशंस यूनिट की टीम सक्रिय हुई और आरोपित की तलाश शुरू की।
चितली कब्र इलाके में दबोचा
पुलिस टीम ने उसका पीछा करते हुए चितली कब्र इलाके में उसे ढूंढ़ निकाला। पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने दोबारा उन पर हमला कर दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा और उसे काबू करने के लिए गोली चलाई। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।