विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली: जैतपुर में पुराने बाइक विवाद ने लिया खूनी मोड़, गोली लगने से एक घायल; दो नाबालिग गिरफ्तार

Published: Mon, 05 Oct 2026 07:35 AM (IST)

दिल्ली के जैतपुर एक्सटेंशन पार्ट-दो में पुराने विवाद के चलते गोलीबारी हुई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस ने दो नाबालिग आरोपियों को पकड़ा। जागरण

दिल्ली पुलिस ने दो नाबालिग आरोपियों को पकड़ा। जागरण

HighLights

  1. दक्षिणी दिल्ली के जैतपुर में पुराने विवाद में गोली चली।

  2. गोली लगने से एक व्यक्ति घायल, अस्पताल में भर्ती कराया गया।

  3. पुलिस ने देसी पिस्तौल के साथ दो नाबालिगों को पकड़ा।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के जैतपुर एक्सटेंशन पार्ट-2 में रविवार रात पुराने विवाद में गोली चलने का मामला सामने आया है। गोली लगने से जहां एक व्यक्ति घायल हो गया, वहीं पुलिस ने देसी पिस्टल के साथ दो नाबालिग आरोपियों को पकड़ा है।

पूछताछ के दौरान पता चला कि 5 मार्च को एक तरफ मोहम्मद कामिल, महबूब अली और मोहम्मद हसीन और दूसरी तरफ अनस और सुहैल के बीच बाइक छूने को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसमें एक पक्ष ने दूसरे पर कैंची से हमला किया था। इसे लेकर कालिंदी कुंज थाने में एफआईआर भी दर्ज है।

पुरानी रंजिश में खूनी खेल

वहीं, आशंका जताई जा रही है कि गोली चलने की घटना को उसी पुरानी दुश्मनी के कारण दो नाबालिगों ने अंजाम दिया है। मौके से एक खाली कारतूस और एक गोली का सिरा (बुलेट हेड) बरामद किया गया। क्राइम व फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

दक्षिणी पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार के मुताबिक, रात लगभग 8:41 बजे कालिंदी कुंज थाने को बी-433, गली नंबर पांच और छह के बीच एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना मिली।

सफदरजंग अस्पताल ले गए

टीम मौके पर पहुंची तो स्थानीय पूछताछ से पता चला कि घायल नाबालिग (निवासी मीरा सराय, काज़ी सराय, अमरोहा, उत्तर प्रदेश), जो जैतपुर की खड्डा कॉलोनी में एक सैलून चलाता है, उसे जैतपुर एक्सटेंशन पार्ट-दो में सैफ जनरल स्टोर के बाहर गोली लगी थी। उसे उसका ममेरा भाई मोहम्मद कामिल (निवासी गली नंबर दो, ए-ब्लॉक, खड्डा कालोनी) सफदरजंग अस्पताल ले गए।

पुलिस टीम सफदरजंग अस्पताल पहुंची, जहां घायल और एक चश्मदीद के बयान के आधार पर दो नाबालिगों को पकड़ा गया। एक मुरलीपुर गुलाब, मेरठ का रहने वाला (उम्र लगभग 16 साल) और दूसरा खड्डा कॉलोनी, जैतपुर एक्सटेंशन पार्ट-2 का रहने वाला (उम्र लगभग 17 साल 6 महीने)।

दोनों के पास से एक देसी पिस्टल बरामद की गई। पूरे मामले की सच्चाई का पता लगाने के साथ ही कानून के मुताबिक जरूरी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- दहशत फैलाने के लिए वॉट्सएप पर डालता था पिस्टल के साथ फोटो, दिल्ली क्राइम ब्रांच ने पालम से आरोपी को दबोचा