विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जहांगीरपुरी: नशे में धुत युवक ने घर में लगाई आग, सिलिंडर फटने से दमकलकर्मी गंभीर रूप से झुलसा

By Sanjay KumarEdited By: Shraddha Pandey
Published: Fri, 30 Oct 2026 02:05 PM (IST)Updated: Fri, 30 Oct 2026 03:25 PM (IST)

जहांगीरपुरी के ई-ब्लॉक में आग बुझाने के दौरान एक दमकलकर्मी अंकित सिलेंडर विस्फोट से झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

आग बुझाने के दौरान दमकलकर्मी झुलसा।

आग बुझाने के दौरान दमकलकर्मी झुलसा।

HighLights

  1. नशे में धुत युवक ने घर में लगाई आग।

  2. सिलेंडर फटने से दमकलकर्मी अंकित झुलसे।

  3. पुलिस ने आरोपी युवक भारत को हिरासत में लिया

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपने ही घर में आग लगा दी। आग लगाने के बाद घर में रखा सिलिंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया।

हादसे के बाद आग बुझाने पहुंचा दमकल विभाग का कच्चा कर्मचारी अंकित आग की चपेट में बुरी तरह झुलस गया। पुलिस ने आरोपित भारत को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच कर रही है।

शराब के नशे का आदी युवक

जहांगीरपुरी थाना इलाके के युवक भारत ने अपने ही घर में आग लगा दी। युवक की उम्र करीब 30 साल है और उसकी शादी नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे का आदी है और इस वजह से उसका मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपित ने दिन में करीब 11 बजे पहले घर में रखे कपड़ों में आग लगाई, फिर अलमारी में आग लगा दी और उसके बाद सिलिंडर में आग लगा दी।

घर से धुआं उठता देख गली के लोगों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई। इसी दौरान घर में रखा सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया।

एलएनजेपी अस्पताल में रेफर किया गया

सिलेंडर ब्लास्ट के वक्त दमकल विभाग का कच्चा कर्मचारी अंकित आग बुझाने के लिए घर के अंदर मौजूद था। धमाका इतना तेज था कि वह उसकी चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया।

साथी कर्मचारियों ने उसे तुरंत बाहर निकाला और इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इधर आरोपित की मां राधा रानी ने बताया कि उसका बेटा रात भर सोने नहीं देता, उसकी अजीब हरकतें होती हैं। वहीं गली वालों ने बताया कि आरोपित आए दिन नशा करके हंगामा करता है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के स्कूलों को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कराकर चलाया तलाशी अभियान

यह भी पढ़ें- 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस सक्रिय, मल्लिकार्जुन खरगे ने कल दिल्ली में बुलाई पंजाब सांसदों की बैठक