विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी दिल्ली में ये क्या हो रहा? 3 महीने पहले खोदी गई थीं नालियां, नहीं हो पाईं दुरुस्त, अब अंजाम भुगत रहे कारोबारी

Published: Mon, 23 Nov 2026 05:05 AM (IST)

पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी में तीन महीने पहले सीवर और पाइपलाइन के लिए खोदी गई गलियां अब तक दुरुस्त नहीं हुई हैं।    

जगतपुरी की खुदी गलियां बनीं मुसीबत, कारोबार ठप ( एआई जेनरेटेड इमेज)

जगतपुरी की खुदी गलियां बनीं मुसीबत, कारोबार ठप ( एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. तीन महीने से जगतपुरी की गलियां मरम्मत विहीन।

  2. स्थानीय निवासी और टाइल बाजार बुरी तरह प्रभावित।

  3. वाहन आवाजाही मुश्किल, ग्राहक बाजार से दूर।

नितिश कुमार, पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी के एफ ब्लॉक में तीन महीने पहले सीवर और पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई गलियां अब तक दुरुस्त नहीं हुई हैं।

गली नंबर- नौ सहित आसपास के रास्तों पर गड्ढे, ईंट-पत्थर और मलबा फैला है। इसका खामियाजा स्थानीय निवासियों के साथ टाइल बाजार के कारोबारियों को भी भुगतना पड़ रहा है।

कारोबारियों का बढ़ रहा खर्च 

घरों तक वाहन पहुंचाना मुश्किल है, तो दुकानों तक माल की ढुलाई के लिए अतिरिक्त मजदूर लगाने पड़ रहे हैं। इससे कारोबारियों का खर्च बढ़ रहा है और ग्राहक भी बाजार आने से बच रहे हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, खुदाई के बाद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। जगह-जगह गड्ढे होने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल है।

बुजुर्गों और बच्चों को भी हो रही परेशानी

बच्चों और बुजुर्गों को भी पैदल आने-जाने में परेशानी होती है। कई लोग ईंट-पत्थरों और उबड़-खाबड़ रास्तों के कारण गिरकर चोटिल हो चुके हैं। घरों तक वाहन नहीं पहुंच पाने से लोगों को मेन रोड पर ही गाड़ियां खड़ी करनी पड़ती हैं।

स्थानीय निवासी सुरेश ने बताया कि स्कूली बच्चों को रोजाना इन रास्तों से गुजरने में दिक्कत होती है। दुकानदार विनोद के अनुसार, माल लेकर आने वाले वाहन दुकानों तक नहीं पहुंच पाते। ऐसे में बाहर वाहन खड़ा कर मजदूरों से सामान अंदर मंगवाना पड़ता है।

उनके मुताबिक, इससे अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। खराब रास्तों के कारण ग्राहक भी बाजार आने से कतराते हैं। दुकानों के आगे गली में मलबा जमा रहने से दिनभर धूल उड़ती रहती है। इसके कारण ग्राहक भी इधर आने से कतराने लगे हैं।


गली में जगह-जगह गड्ढे और मलबा पड़ा होने से स्कूली बच्चों और राहगीरों को परेशानी होती है। वाहनों की आवाजाही भी मुश्किल हो गई है। — मुकेश, स्थानीय निवासी

सड़क की बदहाली से टाइल मार्केट का कारोबार प्रभावित हो रहा है। रिक्शा और ठेली से सामान लाने-ले जाने में दिक्कत होती है। धूल उड़ने से दुकानदार और ग्राहक भी परेशान हैं। — जितेंद्र, कारोबारी

यह भी पढ़ें- 'पुराने वाहनों को जब्त करने की प्रक्रिया जारी...' , दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस का एक्शन प्लान तैयार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।