विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ISI से जुड़ा अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्कर गिरफ्तार, लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा का है करीबी

Published: Thu, 16 Apr 2026 02:15 PM (IST)

दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने आईएसआई के इशारे पर विदेशी हथियारों की तस्करी करने वाले शाहबाज अंसारी गिरोह के गुर्गे ...और पढ़ें

ISI से जुड़ा अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्कर गिरफ्तार। प्रतीकात्मक तस्वीर

ISI से जुड़ा अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्कर गिरफ्तार। प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. आईएसआई के इशारे पर विदेशी हथियार तस्करी में गिरफ्तारी।

  2. गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा का करीबी।

  3. खालिस्तान समर्थक मोनू सरदार से भी जुड़ा हुआ।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर भारत में विदेशी हथियारों की तस्करी करने वाले कुख्यात अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्कर शाहबाज अंसारी के एक और गुर्गे हर्ष पाल सिंह उर्फ रूबल को गिरफ्तार किया है।

हर्ष पाल गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई-रोहित गोदारा का करीबी है। इसके पास से एक अत्याधुनिक पिस्टल और पांच कारतूस बरामद किए गए हैं। अब तक क्राइम ब्रांच अंसारी गिरोह से जुड़े 13 गुर्गों को गिरफ्तार कर 24 विदेशी अत्याधुनिक हथियार और 216 कारतूस बरामद कर चुकी है।

कृष्ण नगर में रेस्टोरेंट चला रहा था हर्ष पाल

डीसीपी क्राइम ब्रांच संजीव कुमार यादव ने बताया कि एसीपी संजय कुमार नागपाल, इंस्पेक्टर मान सिंह और सुंदर गौतम की टीम ने हर्ष पाल को इंदिरापुरम इलाके से गिरफ्तार किया है। वह इंदिरापुरम, गाजियाबाद का ही रहने वाला है। हर्ष पाल सिंह वर्तमान में कृष्ण नगर में रेस्टोरेंट चला रहा था। वह निशांत अरोड़ा का भी करीबी है, जिसे पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। वह निशांत से ही अवैध हथियार और कारतूसों की खेप लेता था। अंसारी पर पहले एनआईए यूएपीए लगा चुकी है। अब क्राइम ब्रांच ने भी उसपर यूएपीए लगा दिया है।

वहीं, जांच में पता चला है कि हर्ष पाल सिंह पहले 2023 में दुबई में रहने वाले गैंगस्टर राशिद उर्फ केबल वाला के संपर्क में आया था। राशिद, लॉरेंस बिश्नोई-रोहित गोदारा का हथियार सप्लायर है।

ऑनलाइन जुए के धंधे से भी जुड़ा हुआ

राशिद पहले अंसारी के लिए ही काम करता था बाद में उससे अलग होकर उसने खुद आईएसआई की मदद से विदेशी हथियारों की तस्करी करने लगा। जांच में दुबई लगातार एक ऐसे केंद्र के तौर पर सामने आ रहा है, जहां से फरार अपराधी भारतीय कारोबारियों और अन्य अमीर लोगों को निशाना बना रहे हैं। हर्ष पाल सिंह, राशिद से मिलने बैंकाक जाता था। वह ऑनलाइन जुए के धंधे से भी जुड़ा हुआ है।

रंगदारी की मिल रही थीं धमकियां

डिजिटल सट्टेबाजी के इस माहौल में उसकी संलिप्तता ने उसे ऐसे लोगों से संपर्क बनाने में मदद की, जिन्हें रंगदारी की धमकियां मिल रही थीं, साथ ही उन आपराधिक सरगनाओं से भी जो विदेशों से अपना नेटवर्क चला रहे हैं। हर्ष पाल से पूछताछ में मोनू सरदार नाम के व्यक्ति के बारे में भी पता चला है। मोनू पहले हर्ष पाल सिंह का करीबी था। वह वर्तमान में दुबई में है, जहां से वह सट्टेबाजी का धंधा कर रहा है। वह जेल में बंद गैंगस्टर हासिम बाबा से भी जुड़ा हुआ है।

यह भी पढ़ें- पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के संपर्क में था कुख्यात लहू गुज्जर, पुलिस जांच में हुआ खुलासा

मोनू सरदार देश-विरोधी तत्वों यानी खालिस्तान समर्थित आतंकी संगठनों से जुड़ा हुआ है। मोनू खुद को जरनैल सिंह भिंडरावाले का भक्त बताता है। हर्ष पाल को पहले हत्या व मकोका के केस में गिरफ्तार किया गया था। उस केस में भी हर्ष पाल सिंह ने रोहित गोदारा और फरीदाबाद के रहने वाले सनी नाम के व्यक्ति के बीच समझौता करवाया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।