विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के संपर्क में था कुख्यात लहू गुज्जर, पुलिस जांच में हुआ खुलासा

Published: Thu, 16 Apr 2026 11:42 AM (IST)

कुख्यात नशा तस्कर गुलजार अहमद उर्फ लहू गुज्जर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस जांच में उसके पाकिस्तान स्थित तत्वों और ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में लहू गुज्जर।

पुलिस की गिरफ्त में लहू गुज्जर।

HighLights

  1. लहू गुज्जर के पाकिस्तान और आईएसआई से संपर्क का खुलासा

  2. ड्रोन से सीमा पार से हथियार और नशे की खेप

  3. जम्मू पुलिस ने तीन साथियों को गिरफ्तार किया, एसआईटी गठित

जागरण संवाददाता, जम्मू। अंतरराज्यीय कुख्यात नशा तस्कर गुलजार अहमद उर्फ लहू गुज्जर की गिरफ्तारी के 10 दिन बाद पुलिस जांच में सामने आया है कि वह सीमा पार पाकिस्तान में बैठे तत्वों के भी संपर्क में था। उसके पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संपर्क में होने की बात भी सामने आ रही है।

ड्रोन के माध्यम से सीमापार से उसके लिए हथियार और नशे की खेप भेजी जाती थी, जो जम्मू के अलावा पंजाब की सीमा पर फेंके जाने की भी सूचना है। जम्मू पुलिस को लहू गुज्जर के नेटवर्क को ध्वस्त करने में अब तक बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी जोगिंदर सिंह ने बुधवार को जम्मू में पत्रकार वार्ता में बताया कि लहू गुज्जर लंबे समय से नशा व मवेशी तस्करी और नारको-टेरर गतिविधियों में संलिप्त रहा है।

उन्होंने बताया कि लहू गुज्जर 2006 से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और 2019 से उसने नशा तस्करी को संगठित रूप दिया। जम्मू जिले में उसके खिलाफ 28 और अन्य राज्यों में करीब 100 आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसएसपी ने बताया कि अब तक लहू गुज्जर के तीन साथियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि आठ से 10 संदिग्धों से पूछताछ जारी है। 20 से 25 अन्य लोगों की पहचान की गई है। लहू गुज्जर की गिरफ्तारी के बाद उसके नेटवर्क से करीब 700 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।

विशेष जांच टीम का गठन

मामले की गंभीरता को देखते हुए जम्मू पुलिस ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है। इसमें एसपी हेडक्वार्टर, डीएसपी आरएसपुरा, एसएचओ मीरां साहिब और बिश्नाह सहित कुल 22 सदस्य शामिल किए गए हैं।

एसआईटी लहू गुज्जर के पूरे नेटवर्क, उसके अंतरराज्यीय व सीमा पार कनेक्शन और नारको-टेरर लिंक की गहराई से जांच कर रही है। टीम तकनीकी व मानव खुफिया इनपुट के आधार पर कार्रवाई कर रही है।

नार्को-टेरर पर बड़ी कार्रवाई

लहू गुज्जर की गिरफ्तारी के 10 दिन बाद जम्मू पुलिस ने किया बड़ा राजफाश।
आरोपित के खिलाफ जम्मू जिला में 28 और अन्य राज्यों में दर्ज हैं 100 आपराधिक मामले।
अब तक तीन साथी गिरफ्तार, आठ से 10 संदिग्धों से पूछताछ जारी, 20 अन्य की पहचान।

20 लाइसेंस और 200 वाहनों का पंजीकरण रद

एसएसपी जम्मू ने लोगों से अपील की कि नशे के खिलाफ अभियान में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त 20 तस्करों की पहचान कर उनके ड्राइविंग लाइसेंस रद करने के लिए संबंधित विभाग को लिखा गया है।

इसके अलावा ऐसे 200 वाहनों का पंजीकरण निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है, जिनका इस्तेमाल तस्करी में किया गया। बता दें कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रदेश में नशे के खिलाफ 100 दिन का अभियान शुरू करते हुए तस्करों के लाइसेंस व आधार रद करने के निर्देश दिए हैं।

पाकिस्तान निर्मित ग्लाक पिस्टल भी बरामद हुई

गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से पाकिस्तान निर्मित ग्लाक पिस्टल भी बरामद हुई है। सीमापार से ड्रोन के जरिए नशे की खेप व हथियार भारत में लहू गुज्जर के नेटवर्क को चलाने के लिए फेंकने जाने के एंगल पर पुलिस जांच कर रही है। मामले की जांच नारको टेरर एंगल से की जा रही है और सभी एजेंसियों का सहयोग लिया जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।