'भारत का, भारत द्वारा और भारत के लिए' सोच अपनाएं देश के युवा, SRCC के मंच से राष्ट्रपति मुर्मु का बड़ा संदेश
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में भारत की युवा प्रतिभाओं की सराहना की। ...और पढ़ें

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को डीयू के कुलगुरु योगेश सिंह सम्मानित करते हुए। सौ. पीआईबी
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि भारत के पास दुनिया में युवा प्रतिभाओं का सर्वश्रेष्ठ पूल है, जिसकी झलक श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में देखने को मिलती है।
देश के अग्रणी शैक्षणिक संस्थानों को विश्वस्तरीय संस्थानों के रूप में विकसित करने की जरूरत है, ताकि भारत को वैश्विक ज्ञान महाशक्ति बनाने के साथ देश-विदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आकर्षित किया जा सके।
राष्ट्रपति बुधवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के शताब्दी समारोहों के समापन कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं।
50 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से निकले बाहर
उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल रहा है। इस दौरान बुनियादी ढांचे का विस्तार, डिजिटल क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव, वित्तीय समावेशन और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
स्टार्टअप के लिए अनुकूल माहौल तैयार हुआ है और व्यापारिक सुगमता को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में करीब 50 करोड़ देशवासी अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं।
'भारत का, भारत द्वारा और भारत के लिए' दृष्टिकोण अपनाएं
राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी आकांक्षाओं और भूमिकाओं को ''भारत का, भारत द्वारा और भारत के लिए'' के दृष्टिकोण से परिभाषित करें। समाज और संस्थानों ने उनकी क्षमताओं को विकसित करने में योगदान दिया है, इसलिए देश के प्रति उनकी विशेष जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि एसआरसीसी के विद्यार्थियों से उम्मीद है कि वे धन सृजन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का उदाहरण पेश करेंगे। साथ ही वंचित वर्गों के लिए अवसर पैदा करेंगे और भारतीय जीवन मूल्यों से जुड़े रहते हुए वैश्विक स्तर पर उत्कृष्टता हासिल करेंगे।
राष्ट्रपति ने विश्वास जताया कि एसआरसीसी परिवार विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों का बदलने वाला है पूरा लुक, 8,976 करोड़ से मिलेंगी एयरपोर्ट जैसी फैसिलिटी