दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों का बदलने वाला है पूरा लुक, 8,976 करोड़ से मिलेंगी एयरपोर्ट जैसी फैसिलिटी
दिल्ली में रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 8976 करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं, जिसमें ...और पढ़ें

दिल्ली के सभी रेलवे स्टेशनों का होगा कायाकल्प। फोटो: आर्काइव
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में रेलवे के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 8976 करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं। इससे रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास, यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करने के साथ ही पटरियों के दोहरीकरण व अन्य कार्य हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पीएम मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार मिलकर राजधानी के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने तथा जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
13 रेलवे स्टेशनों का हो रहा पुनर्विकास
सीएम ने कहा कि दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, कैंट, सराय रोहिल्ला, शाहदरा, नरेला, सफदरजंग, बिजवासन, सब्जी मंडी, तिलक ब्रिज और आदर्श नगर का पुनर्विकास किया जा रहा है।
इन स्टेशनों पर प्रवेश व निकास व्यवस्था को बेहतर बनाने, भवनों के आधुनिकीकरण, प्रतीक्षालय, बैठने की व्यवस्था, शौचालय, पेयजल सुविधाएं, प्लेटफार्म शेड, फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
पार्किंग, दिव्यांगजन के लिए सुगम पहुंच, बेहतर सूचना प्रणाली और शहर के दोनों ओर स्टेशन की कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
रेलवे विकास के लिए 2711 करोड़ का बजट
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए दिल्ली में रेलवे विकास के लिए 2711 करोड़ का रिकॉर्ड बजट निर्धारित किया गया है। नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू होने से दिल्ली व उप्र के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।
स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को बेहतर किया जा रहा है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अजमेरी गेट की ओर होल्डिंग एरिया का निर्माण पूरा हो चुका है। पुनर्विकास कार्य भी शुरू हो गया है।
हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर सराय काले खां की ओर दूसरे प्रवेश द्वार का पुनर्विकास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में बदलने वाले हैं ईंधन उपयोग करने के नियम? प्रदूषण रोकने के लिए CAQM ने उठाया बड़ा कदम