पीएम मोदी की अपील का असर, भारत के सोने के आयात में 40% की बड़ी गिरावट, कैट के आंकड़ों में खुलासा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से अक्टूबर के बीच भारत के सोने के आयात में 40% की गिरावट दर्ज की गई है। कैट के अनुसार, इस कमी से विदेशी मुद्रा बचाने में मदद मिली है।
-1795353099772_m.webp)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोना न खरीदने की अपील की थी। फोटो- जागरण आर्काइव
HighLights
सोने के आयात में 40% की महत्वपूर्ण गिरावट दर्ज हुई।
प्रधानमंत्री मोदी की अपील का सीधा असर आंकड़ों में।
विदेशी मुद्रा बचत, व्यापार घाटा नियंत्रण में सहायक।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील का असर देश के सोने के आयत पर पड़ा है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) में अनुसार चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से अक्टूबर के बीच भारत के सोने के आयात में पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले करीब 40 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
उसके अनुसार इस अवधि में सोने का आयात 24.78 अरब अमेरिकी डालर रहा, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 41.24 अरब डालर था। इस तरह आयात बिल में 16.46 अरब डालर की कमी आई है।
कैट के महामंत्री ने क्या कहा?
कैट के महामंत्री व चांदनी चौक के सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से एक वर्ष तक जरूरत नहीं होने पर सोना खरीदने से बचने की अपील की थी। लोगों ने इस आग्रह को गंभीरता से लिया, जिसका असर अब आंकड़ों में दिखाई दे रहा है।
अक्टूबर 2026 में सोने का आयात घटकर 5.51 अरब डालर रह गया, जबकि अक्टूबर 2025 में यह 14.72 अरब डालर था। कैट का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026-27 में सोने का कुल आयात 35 से 40 अरब डालर तक रह सकता है।
सोना खरीद में संयम करने से विदेशी मुद्रा में बचत
कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया ने कहा कि सोने की खरीद में संयम से विदेशी मुद्रा की बचत होगी और देश के व्यापार घाटे को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
वहीं, आल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने कहा कि सोना भारतीय परिवारों और परंपराओं से जुड़ा है, लेकिन इसका बड़ा हिस्सा आयात करना पड़ता है। ऐसे में खरीदारी में संयम रखना राष्ट्रीय हित में है।
उधर, चैंबर आफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआइ) ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद पत्र भेजा है। सीटीआइ चेयरमैन बृजेश गोयल ने दावा किया कि सोने का भाव 1.90 करोड़ रुपये प्रति किलो से घटकर 1.25 करोड़ रुपये रह गया है। उनके अनुसार ऊंचे भाव पर बड़ी मात्रा में स्टाक खरीदने वाले ज्वैलर्स को भारी नुकसान हो सकता था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।