विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में INDIA रैली से दीपावली के लिए सजे 20 बाजारों का कारोबार प्रभावित, कनॉट प्लेस में 40% तक सिमटी बिक्री

Published: Mon, 02 Nov 2026 08:17 AM (IST)

रामलीला मैदान में आईएनडीआईए की रैली के कारण दिल्ली के बाजारों, खासकर कनॉट प्लेस में दीपावली की खरीदारी प्रभावित हुई। ...और पढ़ें

दिल्ली की रामलीला मैदान में शामिल होने के लिए जाते विपक्षी दल के नेता और भीड़। पीटीआई

दिल्ली की रामलीला मैदान में शामिल होने के लिए जाते विपक्षी दल के नेता और भीड़। पीटीआई

HighLights

  1. आईएनडीआईए रैली से दिल्ली के 20 बाजारों का कारोबार प्रभावित।

  2. कनॉट प्लेस में बिक्री 40% तक सिमटी, ग्राहकों में डर।

  3. व्यापारियों ने 11 हजार करोड़ के नुकसान का दावा किया।

नेमिष हेमंत, नई दिल्ली। रामलीला मैदान में आईएनडीआईए की रैली की वजह से दिल्ली के बाजारों का कारोबार प्रभावित होने की आशंका कुछ हद तक सच साबित हुई। खासकर कनाॅट प्लेस, पालिका बाजार, सुपर बाजार, जनपथ, चावड़ी बाजार समेत अन्य बाजारों में दीपावली वाली त्यौहारी खरीदारी नहीं हो सकी।

अनिश्चितता और भय की स्थिति बनी रही

सर्वाधिक प्रभावित कनॉट प्लेस व उसके आस-पास के बाजार तथा वहां स्थित रेस्त्रां रहे। जिसका कारोबार रात्रि तक बमुश्किल 40 प्रतिशत तक हो पाया। यह बाजार रैली स्थल के नजदीक पड़ता है। रविवार को भी रैली के दौरान रैली स्थल तक आउटर सर्कल से मिंटो ब्रिज होते हुए आईएनडीआईए नेताओं के मार्च निकालने के चलते कनाॅट प्लेस में अनिश्चितता और भय की स्थिति बनी रही।

20 बाजारों पर पड़ा प्रभाव

स्थिति यह कि अधिकांश दुकानें तब तक बंद रही और उसके गलियारों में दरी बिछाकर प्रदर्शनकारी आराम करते तथा खाना खाते नजर आए। शाम को भी ज्यादा चहल पहल नजर नहीं आई और गलियारों से लेकर पार्किंग स्थल तक खाली रहे। इस बीच, कारोबारी संगठन चैंबर आफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने दावा किया कि महारैली की वजह से रामलीला मैदान के आस-पास स्थित 20 बाजारों का करीब 11 हजार करोड़ की बिक्री प्रभावित हुई।

'पांच लाख खरीदारों में बमुश्किल एक लाख लोग पहुंचे'

सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने दावा किया कि रविवार को रैली की वजह से बाजारों में तनाव व डर का माहौल बरकरार रहा। ऐसे में रैली स्थल के आसपास स्थित बाजारों की 20 प्रतिशत ही दुकानें खुली रही। दिल्ली के आस-पास के शहरों से आने वाले खुदरा दुकानदार भी डर की वजह से दिल्ली आने से परहेज किया, जिसके चलते आम त्यौहारी खरीदारी में आने वाले पांच लाख खरीदारों में बमुश्किल एक लाख लोग पहुंचे।

रैली रोकने का कई बार किया आग्रह

बता दें कि रैली में आईएनडीआई द्वारा 10 लाख से अधिक प्रदर्शनकारियों के जुटने का दावा किया गया था। दीपावली के मद्देनजर त्यौहारी खरीदारी के प्रभावित होने की आशंका से व्यापारी संगठन ने कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता व विपक्ष के नेता राहुल गांधी को पत्र लिखकर रैली को दीपावली बाद तक स्थगित करने का आग्रह किया था। इसी तरह का आग्रह, कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सपा मुखिया अखिलेश यादव व तृणमूल की मुखिया ममता बनर्जी को भी लिखा था।

ग्राहक पहले से ही सीपी आने को लेकर डरे

कनाॅट प्लेस के कारोबारी संगठन नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (एनडीटीए) ने जारी बयान में अदालत से आग्रह किया कि कनाॅट प्लेस को रैली, विरोध प्रदर्शन या शांति मार्च से दूर रखना चाहिए। क्योंकि इससे उनके आजीविका के अधिकार पर असर पड़ रहा है। एनडीटीए के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने कहा कि ग्राहक पहले से ही सीपी आने को लेकर डरे हुए हैं।

कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया आरोप 

यहां आने वाले लोगों की संख्या में बड़ी गिरावट आई है। त्योहारों के इस मौसम में यहां की दुकानों को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसी गतिविधियां केवल तय की गई जगहों पर ही होनी चाहिए। वहीं, कनाॅट प्लेस की बंद दुकानाें को लेकर कांग्रेस पार्टी की तरफ से एक्स पोस्ट में दावा किया गया कि दुकानें भाजपा ने बंद करवाई है।

दावे से बहुत कम जमा हो सकी भीड़

उधर, दाेपहर बाद चांदनी चौक व सदर बाजार में आशंका के विपरित खरीदार पहुंचे। इसके चलते दुकानदार उत्साहित नजर आए।

चांदनी चौक सर्व व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय भार्गव ने कहा कि रैली में 10 लाख प्रदर्शनकारियों के दावे के विपरित प्रदर्शनकारियों की संख्या काफी कम रही है।

सुरक्षा व्यवस्था भी दुरुस्त रही। ऐसे में खरीदार शाम को आश्वस्त होकर बाजारों में आ रहे हैं। सदर बाजार में भी दोपहर बाद माहौल बेहतर हुआ ओर दिल्ली के साथ ही एनसीआर के शहरों से खरीदार पहुंचे।

यह भी पढ़ें- 'BJP ने जबरन बंद करवाईं कनॉट प्लेस की दुकानें', दीवाली पर व्यापारियों के नुकसान के दावे पर राहुल गांधी का पलटवार

यह भी पढ़ें- 'जब तक वो गैर-मुद्दों को हवा देते रहेंगे, पीएम मोदी कहीं नहीं जाएंगे', राहुल गांधी पर भाजपा का हमला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।