ये क्या बात हुई...! लोग अंगदान की शपथ लेते हैं, फिर वक्त आने पर पीछे कर लेते हैं कदम
देश में अंगदान का संकल्प लेने वालों की संख्या बढ़ रही है। लेकिन, मृत्योपरांत अंगदान में हिचक के कारण 90 हजार से अधिक मरीज अंगों का इंतजार कर रहे हैं।

अंगदान करने से गुरेज कर रहे लोग ( फोटो स्रोत : जागरण)
HighLights
90 हजार से अधिक मरीज अंग प्रत्यारोपण का इंतजार कर रहे।
मृत्योपरांत अंगदान में परिवारों की हिचक बड़ी चुनौती।
अंगदान जागरूकता के लिए NOTTO और SOTTO के अभियान।
अनूप कुमार सिंह, नई दिल्ली। किसी की जिंदगी बचाने के लिए अपने अंग दान करने का संकल्प लेने वालों की देश में संख्या बढ़ रही है। लेकिन, उसके अनुरूप अंगदान नहीं हो पा रहा है।
यही कारण है कि देश में 90 हजार से अधिक मरीज अब भी अंग प्रत्यारोपण के लिए अंग की प्रतीक्षा कर रहे थे। 2025 के अंगवार आंकड़ों के अनुसार, देश में 60,590 मरीज किडनी और 18,724 मरीज लिवर के इंतजार में थे।
एनसीआर में वर्ष 2025 में 4,564 अंग प्रत्यारोपण हुए। लेकिन, इनमें मृत्योपरांत दान से केवल 103 प्रत्यारोपण ही संभव हो सके।
अंग नहीं मिलने से कई मरीजों ने तोड़ा दम
संसद में दिए गए सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2020 से 2024 के बीच देश में अंग मिलने का इंतजार करते हुए 2,805 मरीजों की मृत्यु हुई। इनमें दिल्ली के 1425 मरीज शामिल थे।
इसका प्रमुख कारण स्वजनों की हिचक है। ब्रेन स्टेम डेथ के बाद परिवारों की सहमति प्राप्त करना अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। देश को मृत्योपरांत अंगदान के मामले में देश में अभी लंबा रास्ता तय करना है।
इसी झिझक को दूर करने, अंगदान को जन आंदोलन बनाने के लिए राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (नोटो) और दिल्ली राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (सोटो) ने जागरूकता अभियान तेज कर रहे हैं। इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में दोनों संगठनों के स्टाल लगे हैं।
कई जगह चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम
यहां बड़ी संख्या में लोग अंगदान की जानकारी लेने के साथ संकल्प पत्र भी भर रहे हैं। अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक आयोजनों में भी जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। अंगदान के महत्व को समझने के लिए गाजियाबाद के हरीश राणा का मामला मार्मिक उदाहरण है।
अगस्त 2013 में चंडीगढ़ में चौथी मंजिल से गिरने के बाद हरीश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वह उस समय इंजीनियरिंग के विद्यार्थी थे। इसके बाद करीब 13 साल तक वह स्थायी वेजिटेटिव अवस्था में रहे। सुधार की उम्मीद समाप्त होने के बाद पिता अशोक राणा ने बेटे को उपचार से मुक्त कर इच्छामृत्यु देने की सुप्रीम कोर्ट से अनुमति मांगी।
11 मार्च 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने अनुमति दी, 24 मार्च को एम्स में हरीश का निधन हो गया। इस गहरे दुख के बीच भी परिवार ने उनके कॉर्निया और हार्ट वॉल्व दान किया। सुप्रीम कोर्ट ने भी परिवार के इस फैसले की सराहना की।
यह बताता है कि असहनीय पीड़ा के बीच भी कोई परिवार अंगदान का निर्णय लेकर दूसरों के जीवन में उम्मीद जगा सकता है। नोटो के निदेशक डॉ अनिल कुमार के अनुसार, अंगदान को लेकर लोगों की भ्रांतियां दूर करना और परिवारों को इसके लिए प्रेरित करना अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
अंगों के इंतजार में हजारों मरीज
नोटो के मार्च 2026 के आंकड़ों अनुसार, देश में 89839 मरीज अंगों के इंतजार में हैं। वर्ष 2025 में देश में 20138 अंग प्रत्यारोपण हुए। इनमें 16612 जीवित दाताओं और 3526 मृत्योपरांत दान से हुए।
जागरूकता के लिए बनाया विश्व रिकार्ड
एक नवंबर को तालकटोरा स्टेडियम में नेशनल ऑर्गन ट्रांसप्लांट गेम्स में 570 अंग प्रत्यारोपण करा चुके मरीजों और अंगदाताओं ने एक साथ ताड़ासन कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्यारोपण के बाद सक्रिय जीवन जी रहे लोगों के माध्यम से अंगदान का संदेश देना था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।