अंगदान से मिला जीवनदान: अभिषेक की किडनी से झज्जर की रेखा को मिली नई जिंदगी, एक साल बाद डायलिसिस से मिलेगी मुक्ति
रोहतक पीजीआई में अंगदान से मिली किडनी का 44 वर्षीय रेखा में सफल प्रत्यारोपण किया गया, जिससे उन्हें डायलिसिस से मुक्ति मिलेगी।

रोहतक पीजीआई फाइल फोटो
HighLights
रोहतक पीजीआई में 44 वर्षीय रेखा का सफल किडनी प्रत्यारोपण
अंगदान से मिली किडनी ने रेखा को नया जीवन दिया
अब रेखा को डायलिसिस पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा
जागरण संवाददाता, रोहतक। अंगदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है। पीजीआइ रोहतक में इसका उदाहरण देखने को मिला, जहां अंगदान के तहत मिली किडनी का 44 वर्षीय महिला में सफल प्रत्यारोपण किया गया। झज्जर निवासी रेखा की दोनों किडनी खराब हो चुकी थीं और वह पिछले एक साल से डायलिसिस पर थीं।
वीरवार को चिकित्सकों की टीम ने उनका प्रत्यारोपण किया। आपरेशन के बाद नई किडनी ने काम करना शुरू कर दिया है। फिलहाल रेखा को आइसीयू में रखा गया है। चिकित्सक उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रत्यारोपण के बाद परिवार को उम्मीद है कि अब उन्हें डायलिसिस पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
तीन साल पहले कमर दर्द से शुरू हुई थी परेशानी
44 वर्षीय रेखा को करीब तीन साल पहले कमर में दर्द की परेशानी हुई थी। धीरे-धीरे उनकी किडनी की स्थिति बिगड़ती गई और दोनों किडनी खराब हो गईं। इसके बाद उन्हें डायलिसिस करवाना पड़ रहा था।
रेखा के परिवार में 13 साल का बेटा और 14 साल की बेटी है। लंबे समय से प्रत्यारोपण का इंतजार कर रही रेखा के लिए अंगदान से मिली किडनी नई उम्मीद लेकर आई है।
अभिषेक की किडनी से दो महिलाओं को मिला लाभ
पीजीआइ के जनसंपर्क अधिकारी डा. मंजूनाथ बीसी ने बताया कि अंगदान के बाद नियमानुसार अभिषेक की दो किडनी में से एक नोटो और दूसरी सोटो को आवंटित की गई थी।
सोटो के हिस्से आई किडनी पीजीआइ को मिली, जिससे रेखा का प्रत्यारोपण किया गया। वहीं, दूसरी किडनी नोटो के माध्यम से एक अन्य महिला को प्रत्यारोपित की गई। रेखा की हालत में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी।