भारत मंडपम में ट्रेड फेयर शुरू, ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी जारी; 27 नवंबर तक दिल्ली में इन रास्तों से बचें
भारत मंडपम में 14 से 27 नवंबर तक आयोजित होने वाले व्यापार मेले के कारण दिल्ली की प्रमुख सड़कों पर ...और पढ़ें

व्यापार मेला को लेकर दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, नई दिलली। नई दिल्ली के भारत मंडपम में शनिवार से 27 नवंबर तक आयोजित होने वाले व्यापार मेले के दौरान राजधानी की प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रह सकता है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (ITPO) ने ट्रैफिक, पार्किंग और कैब-ऑटो की आवाजाही को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
मेले में नहीं जाने वाले लोगों को कुछ प्रमुख मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
इन प्रमुख रास्तों से बचने की सलाह
व्यापार मेले के दौरान मथुरा रोड, भैरों मार्ग, रिंग रोड, शेरशाह रोड, पुराना किला रोड, भगवान दास रोड और तिलक मार्ग पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
ऐसे में वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि यदि उन्हें मेले में नहीं जाना है तो इन रास्तों से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
बिजनेस विजिटर्स के लिए टाइम तय
मेले में बिजनेस विजिटर्स के लिए 14 से 18 नवंबर तक सुबह 9:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक प्रवेश की व्यवस्था रहेगी। इसके लिए गेट नंबर 3, 4, 6 और 10 निर्धारित किए गए हैं।
मेले के टिकट आनलाइन और मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध होंगे। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर टिकट नहीं मिलेंगे।
इन जगहों पर कर सकेंगे वाहनों की पार्किंग
ITPO बेसमेंट, भैरों मंदिर पार्किंग और भारत मंडपम बेसमेंट-2 में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
ITPO बेसमेंट: भैरों मार्ग और रिंग रोड टनल से पहुंच सकेंगे।
भारत मंडपम बेसमेंट-2: प्रगति टनल और मथुरा रोड अंडरपास-4 से पहुंचने की व्यवस्था है।
ITPO परिसर: परिसर के अंदर पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।
पैदल आने-जाने के लिए निर्धारित किए गए गेट
पैदल आने वाले लोगों के लिए प्रवेश के लिए गेट नंबर 3, 4, 6 और 10 निर्धारित किए गए हैं। वहीं, बाहर निकलने के लिए गेट नंबर 3, 4, 7, 9 और 10 का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
कैब और ऑटो के लिए भैरों मार्ग पर 25 पिकअप प्वाॅइंट
कैब और ऑटो से आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए भैरों मार्ग के दोनों तरफ 25 पिकअप प्वाॅइंट पिलर बनाए गए हैं। यात्रियों को इन्हीं निर्धारित स्थानों से वाहन लेने की सलाह दी गई है।
ITPO और भारत मंडपम के निकास गेट के बाहर कैब या ऑटो का इंतजार करने और वहां से वाहन में बैठने से बचने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें- व्यापार मेला में अब नहीं भटकेंगे रास्ता, टिकट बुकिंग से स्टाॅल की लोकेशन तक सब संभालेगा नया डिजिटल गाइड एप