विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'वैनिश कुमार जी, आप कब गायब होंगे?' रामलीला मैदान रैली से ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव का बड़ा हमला

Published: Sun, 01 Nov 2026 08:12 PM (IST)

दिल्ली के रामलीला मैदान में INDI गठबंधन की रैली में ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव, फारूक अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती ने ...और पढ़ें

मिंटो रोड से कार्यकर्ताओं के साथ ओपन जीप पर मार्च कर रामलीला मैदान रैली में जाते INDI गठबंधन के नेता। फोटो: हरीश कुमार

 मिंटो रोड से कार्यकर्ताओं के साथ ओपन जीप पर मार्च कर रामलीला मैदान रैली में जाते INDI गठबंधन के नेता। फोटो: हरीश कुमार

HighLights

  1. ममता ने भाजपा पर एसआइआर से लोकतंत्र कमजोर करने का आरोप लगाया।

  2. तेजस्वी ने वोट चोरी को महाभारत बताया, चुनाव आयोग पर साधा निशाना।

  3. फारूक अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती ने संविधान बचाने की अपील की।

संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में आईएनडीआईए की रैली में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने बंगाल को एसआईआर से पैदा हुए हालात का सबसे बड़ा पीड़ित बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष शासित राज्यों को निशाना बना रही है और चुनावों में धांधली कर लोकतंत्र को कमजोर कर रही है।

ममता ने कहा, 'हम चुनाव नहीं हारे, हमें हराया गया।' उन्होंने एसआईआर को भाजपा के लिए ''स्पेशल इंटेंसिव रिलीफ'' बताते हुए कहा कि भाजपा ने बंगाल को लूटा है, लेकिन वह लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ेंगी।

ममता ने भाजपा पर लगाए चुनावी धांधली के आरोप

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्होंने पूछा, 'वैनिश कुमार जी, आप कब गायब होंगे?' उन्होंने सीजेपी नेतृत्व और जेन-जी कार्यकर्ताओं के प्रति समर्थन जताते हुए सभी दलों और समुदायों से भाजपा के खिलाफ एकजुट होने की अपील की।

तेजस्वी ने वोट चोरी की तुलना महाभारत से की

राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई की तुलना महाभारत से की। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान में वोट चोरों के खिलाफ महाभारत हो रहा है और शकुनि पासे फेंककर लोगों को धोखा दे रहा है।

तेजस्वी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को प्रधानमंत्री का ''नमूना'' बताते हुए उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलाने और जेल भेजने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई देश के मतदाताओं और धोखेबाजों के बीच है। साथ ही लोगों से आगामी उत्तर प्रदेश चुनाव में भाजपा को हराने की अपील की।

फारूक ने समान मताधिकार का मुद्दा उठाया

नेशनल कांफ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि भाजपा और आरएसएस मुसलमानों को पाकिस्तानी बताकर निशाना बनाते हैं, जबकि सभी धर्मों के लोग भारतीय हैं। उन्होंने कहा, 'हम इसी वतन में रहेंगे। हमने पहले भी इस वतन के लिए खून दिया है और आगे भी देते रहेंगे।'

फारूक ने कहा कि संविधान सभी को बराबरी और समान मताधिकार देता है तथा किसी भारतीय को वोट से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से भाजपा से नहीं डरने और अपनी ताकत पहचानने की अपील की।

महबूबा ने संविधान और गरीबों का मुद्दा उठाया

पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा कि रैली में उमड़ी भीड़ को देखकर लगता है कि लोग समस्या समझ रहे हैं और देश में बदलाव का समय आ गया है। उन्होंने चेताया कि संविधान को खोखला किया जा रहा है और केंद्र गरीबों की अनदेखी कर संपत्तियां अपने ''कारपोरेट मित्रों'' को सौंप रहा है।

राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इससे बड़ी शर्म की बात क्या होगी। उन्होंने कहा कि संविधान लोगों को प्रतिनिधि चुनने और सरकार बदलने का अधिकार देता है, जिसे छीनने की कोशिश हो रही है।

यह भी पढ़ें- INDIA Bloc Rally Live: 'ज्ञानेश कुमार जाएंगे जेल, 2024 का चुनाव अवैध', रामलीला मैदान से राहुल का BJP पर बड़ा हमला

यह भी पढ़ें- रामलीला मैदान रैली के चक्कर में दिल्ली में चक्का जाम, छूटी लोगों की ट्रेनें; नई दिल्ली स्टेशन के रास्ते रहे पैक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।