रामलीला मैदान रैली के चक्कर में दिल्ली में चक्का जाम, छूटी लोगों की ट्रेनें; नई दिल्ली स्टेशन के रास्ते रहे पैक
रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की महारैली के कारण मध्य और नई दिल्ली में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। ...और पढ़ें

लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट के सामने सड़क पर लगा जाम। फोटो विपिन शर्मा
HighLights
महारैली के कारण मध्य और नई दिल्ली में यातायात प्रभावित।
प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन से बढ़ा वाहनों का दबाव, जाम।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को हुई परेशानी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। रामलीला मैदान में रविवार को इंडिया गठबंधन की महारैली के चलते मध्य और नई दिल्ली की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
रैली में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने और प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध व डायवर्जन लागू होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बनी रही।
सबसे अधिक परेशानी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को हुई। उन्हें गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलना पड़ा।
प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन से बढ़ी परेशानी
सुबह से ही दिल्ली गेट, मिंटो रोड, आसफ अली रोड, रंजीत सिंह फ्लाईओवर और कनाट प्लेस के आसपास यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर मोड़ा गया। इसके चलते सामान्य दिनों की तुलना में कई सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन के कारण वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ा। वहीं, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को समय पर पहुंचने के लिए अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ी।
कई इलाकों में जाम, यात्रा में लगा अधिक समय
यातायात पर सबसे अधिक असर नेताजी सुभाष मार्ग टी-प्वाइंट, राजघाट, दिल्ली गेट, आईटीओ ए-प्वाइंट, अजमेरी गेट रेड लाइट और बाराखंभा रोड स्थित रंजीत सिंह फ्लाईओवर के आसपास देखने को मिला।
इसके अलावा झंडेवालान गोलचक्कर, तुर्कमान गेट, मीरदर्द चौक, बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, अरुणा आसफ अली रोड, मिंटो रोड, डीबीजी रोड और बाराखंभा रोड पर भी यातायात प्रभावित रहा।
वहीं, वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों की संख्या बढ़ने से लोगों को अपनी यात्रा पूरी करने में सामान्य से अधिक समय लगा।
जाम में फंसे यात्रियों की छूटी ट्रेन
जाम में फंसे योगेश ने बताया कि उन्हें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाना था। मध विहार से आटो लेने के बाद वह मध्य दिल्ली में जाम में फंस गए। तीन बजे बिहार जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए वह समय से निकले थे लेकिन पिछले एक घंटे से जाम में फंसे रहे।
सामान अधिक होने के कारण वह पैदल भी रास्ता पार नहीं कर सकते। वहीं, एक अन्य मुकेश ने बताया कि उन्हें प्रयागराज जाने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़नी थी। चार बैग होने के चलते कैब बुक की लेकिन जाम में फंस गए। ट्रेन छूट गई तो टिकट भी बर्बाद होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।