मंदिरों व तीर्थों की पहचान से आर्थिकी तक, मेले में दिखा धार्मिक विरासत का बाजार
भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में धार्मिक स्थलों को अब केवल आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के आधार के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।

बैजनाथ और बद्रीनाथ मंदिरों की पारंपरिक स्थापत्य शैली से प्रेरित होकर तैयार किया गया उत्तराखंड मंडप का द्वार। जागरण
HighLights
धार्मिक स्थल पर्यटन व स्थानीय कारोबार का आधार बने।
राज्यों के मंडपों में मंदिरों की स्थापत्य कला प्रदर्शित की गई।
वैष्णो देवी स्टॉल पर धार्मिक उत्पाद व प्रसाद उपलब्ध हैं।
संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। धार्मिक स्थल अब केवल आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि पर्यटन, स्थानीय कारोबार और रोजगार की आर्थिकी से भी जुड़ रहे हैं। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में राज्यों के मंडपों में इसकी झलक दिखाई दे रही है।
कहीं मंदिरों की स्थापत्य कला को प्रवेश द्वार का रूप दिया गया है, तो कहीं तीर्थस्थलों और धार्मिक परंपराओं को सेल्फी प्वाइंट के जरिये दर्शाया गया है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, हरियाणा व बिहार के मंडपों में यह खास तौर पर नजर आता है। पहली बार श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड का आधिकारिक स्टाल भी मेले में लगा है, जहां श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक वस्तुएं और प्रसाद उपलब्ध हैं।
मंडप का प्रवेश द्वारा खास आकर्षक
उत्तराखंड मंडप का प्रवेश द्वार खास आकर्षण है। इसे बैजनाथ व बद्रीनाथ मंदिरों की पारंपरिक स्थापत्य शैली से प्रेरित होकर बनाया गया है। मंदिरों की वास्तुकला के जरिये प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान दिखाई गई है। दर्शक इस द्वार के साथ तस्वीरें खिंचवा रहे हैं। उत्तर प्रदेश मंडप के प्रवेश द्वार पर अयोध्या के राम मंदिर की झलक है।
ओडिशा मंडप में पुरी के जगन्नाथ मंदिर की झांकी प्रदर्शित है, जबकि बिहार मंडप में छठ घाट का सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है। हरियाणा मंडप में कुरुक्षेत्र की रणभूमि में रथ पर सवार श्रीकृष्ण को अर्जुन को गीता सार देते हुए दिखाया गया है। इन प्रस्तुतियों के जरिये राज्यों ने अपने प्रमुख धार्मिक स्थलों और परंपराओं को मेले के मंच पर पहुंचाया है।
तीर्थस्थलों से जुड़े उत्पादों का बाजार
भारत मंडपम के हाल नंबर सात-ए में लगाया गया श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड का स्टाल व्यापार मेले में पहली बार उपलब्ध है। यहां माता की चुनरी, चोला, प्रसाद व धार्मिक स्मृति चिह्न खरीदे जा सकते हैं। चुनरी की कीमत 100 से 700 रुपये तक है, जबकि माता का कढ़ाईदार चोला 500 रुपये में उपलब्ध है।
स्टॉल पर 500 और 2100 रुपये के विशेष प्रसाद बॉक्स भी रखे गए हैं। इनमें पंचमेवा, रक्षा सूत्र व चांदी का सिक्का शामिल है। सोने व चांदी के सिक्कों पर माता की पवित्र पिंडियों की छवि भी लोगों का ध्यान खींच रही है। स्टॉल से श्रद्धालुओं को तीर्थस्थल से जुड़े उत्पाद एक ही जगह मिल रहे हैं।
धार्मिक पर्यटन से स्थानीय कारोबार को अवसर
मेले में धार्मिक स्थलों की प्रस्तुतियां केवल सजावट या सेल्फी तक सीमित नहीं हैं। इनके जरिये राज्य अपनी धार्मिक पहचान व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचा रहे हैं। मंदिरों की वास्तुकला, तीर्थस्थलों की छवि और धार्मिक परंपराएं लोगों में उन स्थानों को देखने की रुचि जगा सकती हैं।
इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ होटल, परिवहन, स्थानीय हस्तशिल्प, प्रसाद व स्मृति चिह्न जैसे कारोबार को भी अवसर मिलता है। वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड का स्टाल इस कड़ी को आगे बढ़ाता है। यहां तीर्थ से जुड़े उत्पादों की बिक्री के जरिये आस्था को सीधे कारोबार से जोड़ा गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।