ट्रेड फेयर के विजेताओं का एलान, तमिलनाडु-पंजाब और PNB ने मारी बाजी; किसे मिला कौन-सा अवार्ड?
45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्यों, मंत्रालयों और कंपनियों को सम्मानित किया गया। तमिलनाडु, पंजाब, एमएसएमई मंत्रालय, पीएनबी और तुर्किये ने गोल्ड अवार्ड जीते, जबकि दिल्ली को भीड़ प्रबंधन में सहयोग के लिए प्रशंसा पत्र मिला।

भारत मंडपम अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के खादी पवेलियन में अवलोकन करते खादी ग्रामोद्योग के अध्यक्ष मनोज गोयल। फोटो: जागरण
HighLights
45वें व्यापार मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिए गए पुरस्कार।
तमिलनाडु, पंजाब, एमएसएमई मंत्रालय ने जीते गोल्ड अवार्ड।
दिल्ली को भीड़ प्रबंधन में सहयोग हेतु प्रशंसा पत्र मिला।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्यों, मंत्रालयों, सरकारी संस्थानों, विदेशी मंडपों और निजी कंपनियों को सम्मानित किया गया।
तमिलनाडु, पंजाब, एमएसएमई मंत्रालय, पंजाब नेशनल बैंक और तुर्किये ने अपनी-अपनी श्रेणियों में गोल्ड अवॉर्ड हासिल किया। मेले के सफल आयोजन और भीड़ प्रबंधन में सहयोग के लिए दिल्ली को प्रशंसा पत्र दिया गया।
पांच श्रेणियों में गोल्ड अवॉर्ड
भारत मंडपम में बुधवार को आयोजित समारोह में भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) ने पुरस्कार प्रदान किए। सभी पुरस्कार आइटीपीओ अध्यक्ष जावेद अशरफ ने दिए।
राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की श्रेणी में तमिलनाडु को गोल्ड, केरल को सिल्वर और मध्य प्रदेश को ब्रांज अवॉर्ड मिला। त्रिपुरा को प्रशंसा पत्र दिया गया। वहीं, राज्यों की थीम आधारित प्रस्तुति में पंजाब ने गोल्ड, ओडिशा ने सिल्वर, कर्नाटक ने ब्रांज और गुजरात ने प्रशंसा पत्र हासिल किया।
बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश साझेदार राज्य थे, जबकि दिल्ली, असम, झारखंड और पश्चिम बंगाल फोकस राज्य के रूप में शामिल हुए।
मंत्रालयों और बैंकों को भी पुरस्कार
मंत्रालयों और सरकारी विभागों की श्रेणी में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय को गोल्ड, रेल मंत्रालय को सिल्वर और कपड़ा मंत्रालय को ब्रांज अवॉर्ड मिला। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी)-डीपीआईआईटी को प्रशंसा पत्र दिया गया।
सार्वजनिक उपक्रमों और बैंकों की श्रेणी में पंजाब नेशनल बैंक को गोल्ड, भारतीय स्टेट बैंक को सिल्वर और गुजरात स्टेट हैंडलूम एंड हैंडीक्राफ्ट डेवलपमेंट कारपोरेशन को ब्रांज अवॉर्ड मिला। स्टील अथारिटी आफ इंडिया को प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया गया।
तुर्किये को विदेशी मंडप का गोल्ड
विदेशी मंडपों की श्रेणी में तुर्किये को गोल्ड, ट्यूनीशिया को सिल्वर और ईरान को ब्रांज पुरस्कार मिला।
खाद्य स्टाल श्रेणी में राजस्थान को गोल्ड, झारखंड को सिल्वर, पंजाब को ब्रांज और उत्तर प्रदेश को प्रशंसा पत्र दिया गया। कमोडिटी बोर्ड श्रेणी में कायर बोर्ड और सार्वजनिक संचार एवं आउटरीच श्रेणी में आयुष मंत्रालय ने गोल्ड अवॉर्ड हासिल किया।
मेले के आयोजन, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और सुचारु संचालन में सहयोग के लिए दिल्ली को भी प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
व्यापार मेले का आज आखिरी दिन, 86 हजार दर्शक पहुंचे
45वां अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला अब समाप्ति की ओर है। 14 दिवसीय मेला शुक्रवार को खत्म हो जाएगा। गुरुवार को करीब 86 हजार दर्शक भारत मंडपम पहुंचे। सभी हॉल और मंडपों में अच्छी-खासी भीड़ नजर आई।
ज्यादातर स्टालों पर छूट मिलनी शुरू होने के बाद दर्शक खरीदारी भी कर रहे हैं।
खादी को रोजगार से जोड़ना जरूरी: मनोज गोयल
खादी को केवल कपड़े तक सीमित रखने के बजाय रोजगार, उद्यमिता और ग्रामीण विकास का माध्यम बनाना जरूरी है।
खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआइसी) के अध्यक्ष मनोज गोयल ने बृहस्पतिवार को व्यापार मेले में खादी इंडिया पवेलियन के दौरे के दौरान यह बात कही।
उन्होंने अलग-अलग राज्यों से आए खादी कारीगरों, महिला उद्यमियों, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के लाभार्थियों और स्फूर्ति समूहों के प्रतिनिधियों से बातचीत की। इस दौरान उनके काम, अनुभव, उपलब्धियों और चुनौतियों की जानकारी ली।
गोयल ने कहा कि कारीगरों और छोटे उद्यमियों की मेहनत, हुनर और उद्यमशीलता ही आत्मनिर्भर भारत की असली ताकत है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से खादी और ग्रामोद्योग जनभागीदारी का आंदोलन बन चुका है।
आयोग का प्रयास है कि कारीगरों और उद्यमियों को बाजार मिले और उनके उत्पादों को व्यापक पहचान मिले।
यह भी पढ़ें- पराली, अलसी और केले के तने से बना इको-फ्रेंडली कपड़ा, ट्रेड फेयर में दिखी खास तकनीक; किसानों की बढ़ेगी आय
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।