पति की आंखों की रोशनी गई, खुद टीबी व कैंसर से लड़ीं पर नहीं टूटा हौसला; व्यापार मेले में चमक रहीं हरियाणा की नीलम
भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में कई महिला उद्यमी अपनी संघर्षपूर्ण कहानियों और सफलताओं से लोगों को प्रेरित कर रही हैं। नीलम यादव ने टीबी-कैंसर को हराकर 900 महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया।
-1795275139640_m.webp)
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला में अपनी अचार, पापड़ और मसाले की स्टाल पर नीलम यादव। जागरण
HighLights
नीलम यादव ने कैंसर से लड़कर बाजरे के उत्पाद बनाए, बनीं प्रेरणा।
अनुषा मंत्री ने कोविड में 'सुनहरा गोटा' ब्रांड से कारोबार बढ़ाया।
कृष्णा देवी ने लॉकडाउन में अपनी कला को आजीविका का साधन बनाया।
संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला सिर्फ देशी-विदेशी उत्पादों, हस्तशिल्प और कारोबार का मंच नहीं है, बल्कि यहां जिंदगी के संघर्षों से निकलकर सफलता की इबारत लिखने वालों की कहानियां भी लोगों को प्रेरित कर रही हैं।
मेले के अलग-अलग राज्यों के पवेलियन में ऐसी अनेक महिलाएं अपने उत्पादों के साथ मौजूद हैं, जिन्होंने कभी बेहद छोटी शुरुआत की थी।
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में पहुंची महिलाओं में किसी ने बीमारी और आर्थिक तंगी से लड़कर अपना मुकाम बनाया तो किसी ने कोरोना काल की मुश्किलों को कारोबार का अवसर बना लिया। इन महिलाओं की कामयाबी सिर्फ उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि दूसरी महिलाओं के लिए भी आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा है।
कैंसर से जूझते हुए कई महिलाओं को दिखाई राह
हरियाणा पवेलियन में गुरुग्राम के गांव ढाणी चिटर सैन की नीलम यादव की कहानी संघर्ष और हौसले की मिसाल है। शादी के बाद पति की आंखों की रोशनी कम होने से परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ी तो उन्होंने गांव में छोटी सी दुकान शुरू की। इसी दौरान वह टीबी की चपेट में आ गईं और करीब तीन साल तक इलाज चला।
लेकिन मुश्किलों के आगे हार मानने के बजाय उन्होंने वर्ष 2017 में स्वयं सहायता समूह से जुड़कर दूसरी महिलाओं को भी जोड़ना शुरू किया। गांव-गांव जाकर उन्होंने करीब 800 से 900 महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा।
नीलम यादव ने कृषि विज्ञान केंद्र से प्रशिक्षण लेकर अचार, पापड़ और मसाले बनाने का काम शुरू किया। वर्ष 2021 में कैंसर का पता चला, लेकिन उन्होंने अपना काम नहीं छोड़ा। इलाज के दौरान पौष्टिक और जैविक भोजन के महत्व को समझते हुए उन्होंने बाजरे का आटा, बाजरे की खिचड़ी, अचार और मसालों जैसे उत्पाद तैयार करने शुरू किए।
आज उनके उत्पाद विभिन्न मेलों और प्रदर्शनियों में पहुंच रहे हैं। उन्हें सर्वश्रेष्ठ स्वयं सहायता समूह और सर्वश्रेष्ठ किसान का सम्मान भी मिल चुका है। नीलम का कहना है कि हार परिस्थितियों से नहीं होती, हार तब होती है जब इंसान प्रयास करना छोड़ देता है।
कोविड में एक फोन कॉल से शुरू हुआ कारोबार
हरियाणा पवेलियन में ही गुरुग्राम की अनुषा मंत्री अपने ब्रांड 'सुनहरा गोटा' के उत्पादों के साथ मौजूद हैं। कोविड के कठिन दौर में जब कारोबार ठप हो रहे थे, तब उन्होंने एक फोन काल से अपने उद्यम की शुरुआत की। शुरुआत दुपट्टों से हुई और आनलाइन प्लेटफार्म पर उत्पादों को अच्छी प्रतिक्रिया मिली।

दो साल बाद पहली बार रिटेल में उतरने का मौका मिला तो उनका पूरा शो बिक गया। इसके बाद उन्होंने गोटा पट्टी के कारीगरों के साथ मिलकर काम को विस्तार दिया। दीवाली 2025 में महिलाओं के लिए रेडी-टू-वियर परिधान भी लान्च किए।
आज उनका यह ब्रांड 20 से अधिक परिवारों की आजीविका का आधार बन चुका है। अनुषा का उद्देश्य गोटा पट्टी को केवल विशेष अवसरों तक सीमित रखने की धारणा बदलना और पारंपरिक कला को रोजमर्रा के परिधानों में नई पहचान देना है।
लॉकडाउन में हुनर को बनाया रोजगार
बिहार पवेलियन में कृष्णा देवी की कहानी भी कम प्रेरक नहीं है। पति के साथ चेन्नई में रहते हुए उन्होंने पेंटिंग और कलाकृतियां बनाने का हुनर सीखा। करीब 12 साल के अनुभव के बाद लॉकडाउन में रोजगार प्रभावित हुआ तो इसी कला को आजीविका का माध्यम बना लिया।

वर्ष 2016 में जीविका समूह से जुड़ने के बाद सरस मेले और विभिन्न प्रदर्शनियों में उत्पाद प्रदर्शित करने के अवसर मिले। पति के साथ मिलकर तैयार की गई उनकी कलाकृतियों की कीमत 35 रुपये से लेकर 3.75 लाख रुपये तक है। बड़ी मूर्तियां बनाने में करीब छह महीने लग जाते हैं। उनकी कलाकृतियों के ग्राहक अमेरिका तक में हैं।
लुप्त होती लोककला को बचाने का संकल्प
बिहार पवेलियन में मुजफ्फरपुर की कंचन प्रकाश बज्जिका लोककला 'बसैरी चित्र' को नई पहचान दिलाने में जुटी हैं। यह कला कभी विवाह संस्कारों के दौरान घरों की दीवारों पर प्राकृतिक रंगों से बनाई जाती थी। बदलती जीवनशैली के कारण यह परंपरा धीरे-धीरे लुप्त हो रही है।
कंचन इसका लाइव डेमो देकर लोगों को इसकी सांस्कृतिक महत्ता समझा रही हैं। राज्य और फेलोशिप पुरस्कार से सम्मानित कंचन का प्रयास इस विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना है।
यह भी पढ़ें- मजेंटा लाइन से जुड़ेंगी 4 और लाइनें, दिल्ली में जनवरी तक खुलेंगे 6 नए मेट्रो स्टेशन; नोएडा-गुरुग्राम जाना होगा आसान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।