विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली ट्रेड फेयर में बासी खाना परोसा तो खैर नहीं, अब फूड कोर्ट में रोज होगा इंस्पेक्शन; ITPO ने जारी किया आदेश 

Published: Wed, 18 Nov 2026 11:21 PM (GMT+05:30)

45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF-2026) में आगंतुकों को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

IITF में राजस्थान फूड स्टाल में ही परोसा गया था बासी खाना। फोटो: आर्काइव

IITF में राजस्थान फूड स्टाल में ही परोसा गया था बासी खाना। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. IITF 2026 में सुरक्षित, स्वच्छ खाद्य सेवाएं सुनिश्चित करने का अभियान।

  2. सभी फूड कोर्ट और स्टालों पर नियमित औचक निरीक्षण होंगे।

  3. ITPO ने स्वच्छता, रखरखाव और अपशिष्ट प्रबंधन के निर्देश दिए।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ-2026) में आने वाले देश-विदेश के आगंतुकों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसके तहत सभी राज्य पवेलियनों के फूड कोर्ट और खाद्य विक्रय स्थलों पर खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों की अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी। सभी पवेलियनों में औचक निरीक्षण होंगे और आगे प्रतिदिन जांच की जाएगी।

सफाई से लेकर रखरखाव तक पर निर्देश

इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (आईटीपीओ) के अधिकारियों ने सभी राज्यों के फूड कोर्ट नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की।

इसमें रसोई और खाद्य सामग्री के भंडारण की स्वच्छता, कर्मचारियों की व्यक्तिगत साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव, कुकिंग ऑयल के उचित उपयोग एवं निस्तारण, बर्तनों और उपकरणों के सैनिटाइजेशन, कचरा प्रबंधन और कीट नियंत्रण जैसे विषयों पर दिशा-निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि बचा हुआ भोजन, खराब होने योग्य खाद्य सामग्री और किचन वेस्ट उसी दिन निस्तारित किया जाए।

किसी भी खाद्य सामग्री या कच्चे माल का अगले दिन उपयोग नहीं किया जाए। खाद्य पदार्थों को उचित तापमान और स्वच्छ परिस्थितियों में सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया गया।

राजस्थान पवेलियन में तीन सदस्यीय समिति गठित

राजस्थान पवेलियन प्रशासन ने निर्देशों की अनुपालना के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है। समिति ने फूड कोर्ट, हॉर्सशू एरिया और बैक ऑफिस का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न कार्यस्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाओं और निर्धारित मानकों के अनुपालन का आकलन किया गया।

समिति ने विक्रेताओं को निर्देश दिए कि आगंतुकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार बनाए रखें और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।

सभी पवेलियनों में प्रतिदिन होंगे औचक निरीक्षण

आईटीपीओ अधिकारियों की ओर से आगे भी सभी पवेलियनों में प्रतिदिन औचक निरीक्षण किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य व्यापार मेले में खाद्य सेवाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखना है, ताकि आगंतुकों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खाद्य सेवाएं मिल सकें।

यह भी पढ़ें- ट्रेड फेयर में कुछ भी खाने से पहले 100 बार सोचें, सड़ी दाल और बदबूदार कचौड़ी परोसी; फूड कोर्ट में हड़कंप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।