भारत की अंतरिक्ष-रक्षा क्षमताओं को मिलेगी नई धार, IIIT-दिल्ली स्थापित करने जा रहा स्पेस टेक्नोलॉजी सेंटर
आइआइआइटी-दिल्ली ने 'स्पेस डायलॉग 2026' में स्पेस टेक्नोलॉजी सेंटर की स्थापना की घोषणा की है। यह केंद्र भारत के अंतरिक्ष-रक्षा इकोसिस्टम को मजबूत करेगा, शिक्षा, शोध और राष्ट्रीय सुरक्षा को एक मंच पर लाएगा।

आईआईआईटी दिल्ली में बनेगा स्पेस टेक्नोलॉजी सेंटर। फोटो: आर्काइव
HighLights
IIIT-दिल्ली ने स्पेस टेक्नोलॉजी सेंटर की स्थापना की घोषणा की
केंद्र भारत के भविष्य के अंतरिक्ष-रक्षा इकोसिस्टम को मजबूत करेगा
शिक्षा, शोध और राष्ट्रीय सुरक्षा को एक मंच पर लाएगा
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। देश की अंतरिक्ष और रक्षा क्षमताओं को नई तकनीकी धार देने की दिशा में इंद्रप्रस्थ सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान(IIIT-दिल्ली) ने बड़ा कदम उठाया है।
संस्थान ने ‘स्पेस डायलाॅग 2026’ में स्पेस टेक्नोलाॅजी सेंटर की स्थापना की घोषणा की, जो भारत के भविष्य के स्पेस-डिफेंस इकोसिस्टम को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा। IIIT-दिल्ली की यह पहल शिक्षा, शोध और राष्ट्रीय सुरक्षा को एक मंच पर लाने वाली दूरदर्शी रणनीति के रूप में देखी जा रही है।
केंद्र का नेतृत्व करेंगे डॉ. सनत के बिस्वास
मानेकशा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन नेशनल सिक्योरिटी स्टडीज एंड रिसर्च के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में अंतरिक्ष सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम सेंसर, नेक्स्ट-जनरेशन नेविगेशन और स्पेस डोमेन अवेयरनेस जैसे उभरते क्षेत्रों पर मंथन हुआ। नवस्थापित केंद्र का नेतृत्व आईआईआईटी-दिल्ली के एसोसिएट प्रोफेसर डाॅ. सनत के बिस्वास करेंगे।
यह केंद्र स्पेस सिचुएशनल अवेयरनेस, सैटेलाइट नेविगेशन, जीएनएसएस, आरएफ सिस्टम, एम्बेडेड टेक्नोलाॅजी और साइबर सिक्योरिटी जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में शोध करेगा। इसका उद्देश्य केवल अकादमिक अनुसंधान तक सीमित न रहकर रक्षा एवं अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए व्यावहारिक तकनीकी समाधान विकसित करना है।
कार्यक्रम में कई आईआईटी भी शामिल रहीं
कार्यक्रम में आईआईटी खड़गपुर, आईआईआईटी मद्रास, आईआईटी कानपुर, आईआईएससी बेंगलुरु और आईआईएसटी तिरुवनंतपुरम जैसे संस्थानों के साथ भारतीय सेना, वायुसेना, नौसेना, डिफेंस स्पेस एजेंसी और प्रमुख टेक कंपनियों के प्रतिनिधियों की भागीदारी रही।
डाॅ. सनत के बिस्वास ने कहा कि यह केंद्र भारत को भविष्य की स्पेस एवं डिफेंस चुनौतियों के लिए तकनीकी रूप से तैयार करने की दिशा में मजबूत आधार बनेगा।
उन्होंने कहा स्पेस टेक्नोलाजी सेंटर की स्थापना के साथ आईआईआईटी-दिल्ली ने अब केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि भारत के रणनीतिक तकनीकी भविष्य को आकार देने वाला संस्थान बनने की राह पर है।
यह भी पढ़ें- चालान से बचने को कारों में Smart Tinted ग्लास का ट्रेंड, दिल्ली पुलिस की चुनौती बढ़ी; 101 दिन में 4,831 पर एक्शन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।