चालान से बचने को कारों में Smart Tinted ग्लास का ट्रेंड, दिल्ली पुलिस की चुनौती बढ़ी; 101 दिन में 4,831 पर एक्शन
दिल्ली में 'स्मार्ट टिंट' जैसे नए रिमोट-नियंत्रित टिंटेड ग्लास की लोकप्रियता बढ़ रही है, जिससे वाहन मालिक नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ऐसे अवैध टिंटेड शीशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।

अब स्मार्ट टिंट ग्लास से पुलिस को चकमा दे रहे हैं कार मालिक। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
नए 'स्मार्ट टिंट' ग्लास का उपयोग नियमों का उल्लंघन
दिल्ली पुलिस अवैध टिंटेड शीशों पर कर रही सख्त कार्रवाई
सुरक्षा कारणों से टिंटेड ग्लास पर ₹500 से ₹1500 जुर्माना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राजधानी में बढ़ती गर्मी और तेज धूप से राहत पाने के लिए वाहन मालिक लंबे समय से टिंटेड शीशों का इस्तेमाल करते रहे हैं, लेकिन अब बाजार में रिमोट से नियंत्रित होने वाले नए तरह के टिंटेड ग्लास ने एंट्री ले ली है।
‘स्मार्ट टिंट’ नाम से लोकप्रिय ये ग्लास खासतौर पर कार मालिकों के बीच तेजी से पसंद किए जा रहे हैं। इनकी खासियत यह है कि एक बटन दबाते ही शीशे काले से पूरी तरह पारदर्शी हो जाते हैं, जिससे कई लोग नियमों से बचने की कोशिश करते हैं।

नई दिल्ली में बड़े SUV वाहनों से लेकर छोटी कारों तक में इन इलेक्ट्रॉनिक टिंट फिल्मों और मैग्नेटिक सनशेड का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इनके प्रचार ने भी इनकी मांग को बढ़ावा दिया है।
मोटर व्हीकल नियम स्पष्ट रूप से कहते हैं कि किसी भी वाहन में ब्लैक फिल्म या अतिरिक्त टिंट लगाना गैरकानूनी है। नियमों के मुताबिक फ्रंट और रियर विंडस्क्रीन में कम से कम 70 प्रतिशत और साइड विंडो में 50 प्रतिशत दृश्यता होना जरूरी है। इसके अलावा ऐसी कोई भी फिल्म या सामग्री, जो वाहन के अंदर का दृश्य बाधित करे, कानून के खिलाफ मानी जाती है।
नियम क्या कहते हैं?
- ब्लैक फिल्म या अतिरिक्त टिंट पूरी तरह प्रतिबंधित है।
- फ्रंट और रियर विंडस्क्रीन में कम से कम 70% विजिबिलिटी जरूरी है।
- साइड विंडो में कम से कम 50% विजिबिलिटी होनी चाहिए।
- कोई भी बाहरी फिल्म या हटाने योग्य शेड जो अंदर का दृश्य छिपाए, गैरकानूनी है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में 12 अप्रैल तक टिंटेड शीशों के खिलाफ 4,831 चालान किए जा चुके हैं। इससे पहले 2025 में 24,758 और 2024 में 25,635 मामलों में कार्रवाई की गई थी।
चालान का आंकड़ा (दिल्ली)
- 2026 (12 अप्रैल तक): 4,831 चालान
- 2025: 24,758 चालान
- 2024: 25,635 मामले दर्ज
नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 के नियम 100(2) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 177 के तहत चालान करती है। कई बार मौके पर ही टिंट फिल्म हटवा दी जाती है।
हाल ही में नजफगढ़ ट्रैफिक सर्कल में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 154 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई, वहीं कुछ मामलों में गाड़ियों को जब्त भी किया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, टिंटेड शीशों के कारण रात के समय दृश्यता प्रभावित होती है। साथ ही यह अपराधियों को अपनी पहचान छिपाने का मौका देता है, जिससे सुरक्षा संबंधी खतरे बढ़ जाते हैं।
टिंटेड ग्लास पर क्या कार्रवाई होती है?
ट्रैफिक पुलिस Central Motor Vehicles Rules, 1989 के Rule 100(2) और Motor Vehicles Act की Section 177 के तहत चालान करती है। कई मामलों में मौके पर ही टिंट फिल्म हटव दी जाती है।
विशेष अभियान भी चलाए जा रहे हैं, जैसे कि नजफगढ़ ट्रैफिक सर्कल में 25 मार्च को 154 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 4 वाहन जब्त किए गए।
दूसरी बार नियम तोड़ने पर बढ़ जाता है जुर्माना
जुर्माने की बात करें तो पहली बार पकड़े जाने पर 500 रुपये का चालान किया जाता है, जबकि दोबारा उल्लंघन करने पर यह बढ़कर 1,500 रुपये हो जाता है।
पुलिस की चिंता
- टिंटेड शीशों से रात में विजिबिलिटी कम होती है।
- इससे अपराधियों को पहचान छिपाने में मदद मिलती है।
- सार्वजनिक सुरक्षा पर सीधा असर पड़ता है।
बाजार के रुझान की बात करें तो अब गहरे काले शीशों की मांग में कमी आई है, लेकिन हल्के हरे रंग के टिंटेड ग्लास अब भी बिक रहे हैं क्योंकि उन्हें अपेक्षाकृत नियमों के अनुरूप माना जाता है। हालांकि, ये पुराने काले शीशों जितनी गर्मी से सुरक्षा नहीं दे पाते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि स्मार्ट टिंट जैसी आधुनिक तकनीक सुविधा तो देती है, लेकिन इसका दुरुपयोग कानून व्यवस्था और सड़क सुरक्षा दोनों के लिए चुनौती बन रहा है। इसी को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इस पर सख्ती बढ़ा दी है, ताकि सुरक्षा से समझौता न हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।