ब्लाइंड लोगों की मुश्किल होगी आसान, नहीं चाहिए होगी मदद; IIIT दिल्ली बना रहा खास 'पाथसेंस' टेक्नोलॉजी
IIIT दिल्ली दृष्टिबाधितों के लिए 'पाथसेंस' नामक एक नई तकनीक विकसित कर रहा है, जिससे वे बड़े भवनों में बिना किसी सहायता के रास्ता खोज सकेंगे।

IIIT Delhi ब्लाइंड लोगों के लिए खास तकनीक विकसित कर रहा है। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। बड़े अस्पतालों, सरकारी भवनों और सार्वजनिक स्थानों में रास्ता ढूंढना दृष्टिबाधित (Blind) लोगों के लिए बड़ी चुनौती होता है। कई बार मंजिल तक पहुंचने के लिए उन्हें दूसरों की मदद लेनी पड़ती है।
इस परेशानी को दूर करने के लिए इंद्रप्रस्थ सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT Delhi) दिल्ली नई तकनीक विकसित करने जा रहा है।
इसके जरिये दृष्टिबाधित और कम दृष्टि वाले लोग बिना किसी की सहायता के बड़े भवनों के भीतर रास्ता पहचान सकेंगे और अपनी मंजिल तक पहुंच पाएंगे।
पाथसेंस प्रोजेक्ट के लिए मिला अनुदान
संस्थान के इस शोध का नाम 'पाथसेंस' प्रोजेक्ट रखा गया है। इसके लिए IIIT Delhi दिल्ली की डॉ. ऋचा गुप्ता और डॉ. अनमोल श्रीवास्तव को क्वालकॉम एक्सआर यूनिवर्सिटी रिसर्च ग्रांट-2026 के तहत करीब 62 लाख रुपये का अनुदान मिला है।
डॉ. ऋचा गुप्ता इस परियोजना की मुख्य शोधकर्ता और डॉ. अनमोल श्रीवास्तव सह-शोधकर्ता होंगे। परियोजना पर तीन साल तक शोध किया जाएगा।
आवाज से समझ सकेंगे भवनों की संरचना
इसमें ऑडियो ऑगमेंटेड रियलिटी (ध्वनि आधारित संवर्धित वास्तविकता) तकनीक विकसित करने पर काम होगा। इसका उद्देश्य केवल आवाज के जरिये दिशा बताना नहीं, बल्कि दृष्टिबाधित लोगों को आसपास के भवन, गलियारों, रास्तों और स्थानों की बनावट समझने में मदद करना है।
गैर-दृश्य संकेतों से मिलेगी स्थान की जानकारी
शोध के दौरान यह भी अध्ययन किया जाएगा कि दृष्टिबाधित लोग बिना देखे आसपास के वातावरण को किस तरह समझते हैं और ध्वनि समेत अन्य गैर-दृश्य संकेतों का इस्तेमाल कर उन्हें स्थान की जानकारी कैसे दी जा सकती है।
डॉ. ऋचा गुप्ता ने बताया कि बड़े भवनों में रास्ता तलाशना दृष्टिबाधित लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण होता है। वहीं डॉ. अनमोल श्रीवास्तव ने कहा कि इस शोध का लक्ष्य लोगों को केवल रास्ता बताना नहीं, बल्कि उन्हें उस स्थान की पूरी संरचना समझने में सक्षम बनाना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।